
बिहार के नालंदा जिला मुख्यालय बिहार शरीफ में भोजपुरी सिनेमा की लोकप्रिय अभिनेत्री काजल राघवानी के एक कार्यक्रम के दौरान भारी हंगामा और उपद्रव देखने को मिला। अभिनेत्री यहां एक नए ज्वेलरी शोरूम के उद्घाटन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करने पहुंची थीं। जैसे ही स्थानीय लोगों और प्रशंसकों को काजल राघवानी के आगमन की सूचना मिली, शोरूम के बाहर हजारों की तादाद में भीड़ जमा हो गई। अनियंत्रित होती भीड़ अभिनेत्री की एक झलक पाने के लिए धक्का-मुक्की करने लगी और उनकी गाड़ी के पीछे भागने लगी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
फॉर्च्यूनर पर बरसे पत्थर, बेसमेंट से सुरक्षित निकाली गईं अभिनेत्री
भीड़ के बेकाबू होने के दौरान ही कुछ उपद्रवियों ने काजल राघवानी की फॉर्च्यूनर गाड़ी पर पथराव शुरू कर दिया। इस हमले में गाड़ी की खिड़कियों के कई शीशे चकनाचूर हो गए। गनीमत यह रही कि जिस समय पथराव हुआ, अभिनेत्री गाड़ी के भीतर मौजूद नहीं थीं, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। स्थिति बिगड़ती देख निजी सुरक्षाकर्मियों और मौके पर मौजूद पुलिस बल ने मोर्चा संभाला। आनन-फानन में अभिनेत्री को सुरक्षा घेरे में लेकर पहले इमारत के बेसमेंट में ले जाया गया और फिर किसी तरह सुरक्षित रास्ते से बाहर निकाला गया।
रंगारंग कार्यक्रम रद्द, बिना अनुमति आयोजन का आरोप
उद्घाटन के साथ ही वहां एक भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया था। हालांकि, बिगड़ते हालात और सुरक्षा जोखिम को देखते हुए आयोजकों ने कार्यक्रम को तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दिया। आयोजकों का कहना था कि अभिनेत्री और आम लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह कदम उठाया गया। दूसरी तरफ, शोरूम प्रबंधन ने किसी भी बड़े हंगामे या भगदड़ की बात से इनकार किया है। मामले को लेकर लहेरी थानाध्यक्ष रणजीत रजक ने स्पष्ट किया कि आयोजकों ने पुलिस को केवल निमंत्रण पत्र भेजा था, जबकि ऐसे सार्वजनिक और बड़े आयोजन के लिए कोई विधिवत प्रशासनिक अनुमति या लाइसेंस नहीं लिया गया था। पुलिस फिलहाल पूरे घटनाक्रम की छानबीन कर रही है।
हमले के बाद सामने आईं काजल राघवानी, वीडियो जारी कर दिया हेल्थ अपडेट
गाड़ी पर हमले और हंगामे की खबर फैलते ही सोशल मीडिया पर उनके प्रशंसकों के बीच चिंता की लहर दौड़ गई। स्थिति स्पष्ट करते हुए काजल राघवानी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो संदेश साझा किया। उन्होंने फैंस को आश्वस्त करते हुए कहा कि वे और उनकी पूरी टीम पूरी तरह सुरक्षित हैं और किसी को कोई चोट नहीं आई है। उन्होंने कहा कि घटना के बाद से लगातार शुभचिंतकों और परिजनों के फोन आ रहे थे, इसलिए वे खुद सामने आकर बता रही हैं कि चिंता की कोई बात नहीं है।
‘राइज एंड फॉल 2’ में तेज प्रताप यादव के साथ दिखेंगी काजल
अपने आगामी प्रोजेक्ट्स को लेकर काजल राघवानी लगातार सुर्खियों में हैं। वह जल्द ही रियलिटी शो ‘राइज एंड फॉल 2’ में नजर आने वाली हैं। ‘भोजपुरी बवाल’ की सफलता के बाद यह उनका एक और बड़ा मंच माना जा रहा है। चर्चा है कि इस शो में वह बिहार के पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव के साथ स्क्रीन साझा करेंगी। इससे पहले भी दोनों ‘भोजपुरी बवाल’ में एक साथ स्क्रीन पर नजर आ चुके हैं।
voice of india