Friday , 2 October 2026

बिहार के बांका में अजब प्रेम की गजब कहानी: 17 साल की किशोरी ने लड़के का वेश धर सहेली की भरी मांग, थाने पहुंची प्रेम कहानी

बिहार के बांका जिले के बेलहर थाना क्षेत्र से एक बेहद हैरान कर देने वाला वाकया सामने आया है, जहां दो नाबालिग सहेलियों ने सामाजिक बंधनों और रीति-रिवाजों को दरकिनार करते हुए आपस में शादी रचा ली। दोनों लड़कियों की उम्र करीब 17 वर्ष बताई जा रही है। इस शादी में एक किशोरी ने बकायदा लड़के की वेशभूषा धारण की और रीति-रिवाजों के साथ अपनी सहेली की मांग में सिंदूर भरकर उसे जीवनसंगिनी बना लिया। मामले की भनक लगते ही पूरे गांव में हड़कंप मच गया और बात थाने की चौखट तक जा पहुंची।

पड़ोस में ही रहते थे दोनों के घर, एक साल से चल रहा था प्रेम प्रसंग

पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों किशोरियां एक ही गांव की निवासी हैं और उनके घर भी अगल-बगल में ही स्थित हैं। पड़ोस में रहने के कारण दोनों के बीच गहरी दोस्ती थी, जो धीरे-धीरे प्रेम प्रसंग में तब्दील हो गई। पूछताछ के दौरान सामने आया कि दोनों के बीच बीते करीब एक साल से प्रेम संबंध चल रहा था। इनमें से एक किशोरी का रहन-सहन और पहनावा पूरी तरह लड़कों जैसा है। वह गांव में टेंट-डेकोरेशन और मजदूरी का काम करके अपनी आजीविका चलाती है।

घर ले जाकर भरी मांग, परिवार वालों के उड़े होश

घटना के दिन किशोरी अपनी सहेली को उसके घर से अपने घर लेकर आई। यहां उसने शादी से जुड़ी रस्में निभाईं और सहेली की मांग में सिंदूर डालकर उसे अपनी पत्नी घोषित कर दिया। दोनों ने साथ जीने-मरने और एक-दूसरे के साथ रहने की कसमें खाईं। जब इस बात की जानकारी दोनों के परिजनों और ग्रामीणों को हुई तो गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। परिवार वालों ने पहले दोनों को समझाने की कोशिश की, लेकिन जब वे अपनी जिद पर अड़ी रहीं तो मामले की सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई।

थाने में बोली सहेली- इसे ही मानूंगी पत्नी, पुलिस उलझी कानूनी दांवपेच में

सूचना मिलते ही बेलहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों किशोरियों को थाने ले आई। थाने में पुलिस और परिजनों के सामने भी दोनों लड़कियां एक-दूसरे के साथ रहने की जिद पर अड़ी रहीं। लड़के का वेश धारण करने वाली किशोरी ने खुद को लड़का बताते हुए स्पष्ट कहा कि वह अपनी सहेली को पत्नी बनाकर ही साथ रखेगी। पुलिस ने दोनों किशोरियों से अलग-अलग बातचीत की और उनके अभिभावकों को भी बुलाकर पूरी स्थिति की जानकारी ली।

नाबालिग होने के चलते कानूनी विकल्पों पर मंथन जारी

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस फूंक-फूंक कर कदम रख रही है। बेलहर थानाध्यक्ष गौतम कुमार शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों किशोरियां अभी नाबालिग हैं। पुलिस दोनों पक्षों और उनके परिजनों से पूरे मामले की जानकारी लेकर उन्हें समझाने-बुझाने की कोशिश कर रही है। कानूनन दोनों के अवयस्क होने की वजह से आवश्यक कानूनी प्रावधानों और नियमों के तहत अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।

Check Also

दुबई-तेल अवीव फ्लाइट में 9/11 जैसा मंजर, फिर गूंजा हनुमान चालीसा: PM मोदी से बात करते हुए भावुक हुए जांबाज पायलट कैप्टन स्मित

विमान के कॉकपिट में अचानक मौत का सन्नाटा छा गया था। को-पायलट सिर पर सवार …