Friday , 29 May 2026

बाइक टैक्सी ड्राइवर के खाते में 331 करोड़ ! ईडी ने मारा छापा, शाही शादी का मिला कनेक्शन

नई दिल्ली । प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप ‘1एक्सबेट’ से जुड़े बड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस में अब तक का सबसे हैरान करने वाला खुलासा किया है। दिल्ली में दिन भर बाइक टैक्सी चलाकर गुजारा करने वाले एक साधारण ड्राइवर के बैंक खाते में महज 8 महीनों (19 अगस्त 2024 से 16 अप्रैल 2025) के अंदर 331.36 करोड़ रुपये जमा कराए गए। जब ईडी की टीम उसके घर पर छापा मारने पहुंची तो सच देखकर अफसर भी स्तब्ध रह गए – वह शख्स राजधानी के एक गरीब इलाके में दो कमरों की टूटी-फूटी झुग्गी में रहता था। घर में न तो महंगा फर्नीचर था, न गाड़ी, न कोई लग्जरी सामान।

पूछताछ में ड्राइवर ने हाथ जोड़कर कहा, साहब, मुझे तो कुछ पता ही नहीं। मैं सुबह 7 बजे से रात 11 बजे तक बाइक चलाता हूं। बैंक अकाउंट भी सालों पहले खुलवाया था, पासबुक भी नहीं देखी कभी। ईडी को तुरंत समझ आ गया कि यह एक परफेक्ट म्यूल अकाउंट है, जिसका इस्तेमाल काले धन को सफेद करने के लिए किया जा रहा था।

जांच में जो तथ्य सामने आए, वे और भी चौंकाने वाले थे। इस खाते से 1 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि राजस्थान के उदयपुर स्थित एक फाइव-स्टार होटल में आयोजित एक शाही ‘डेस्टिनेशन वेडिंग’ पर खर्च की गई थी। शादी में बॉलीवुड सिंगर्स, विदेशी डांस ट्रूप और हेलीकॉप्टर से फूल बरसाने तक का इंतजाम था। ईडी सूत्रों के मुताबिक यह शादी गुजरात के एक प्रभावशाली युवा राजनीतिक नेता के परिवार से जुड़ी है। उस नेता को अब कभी भी समन भेजा जा सकता है।

ईडी ने पाया कि खाते में पैसे कई अज्ञात सोर्स से आते थे और कुछ ही घंटों में दूसरे संदिग्ध खातों में ट्रांसफर हो जाते थे। इनमें से एक बड़ा सोर्स ‘1एक्सबेट’ जैसे अवैध बेटिंग प्लेटफॉर्म्स से जुड़ा हुआ है। यही नहीं, कुछ राशि दुबई और सिंगापुर के खातों में भी गई। बता दें कि ‘1एक्सबेट’ केस में ईडी ने हाल ही में पूर्व क्रिकेटर शिखर धवन, सुरेश रैना, श्रेयस अय्यर सहित कई बड़े नामों की 200 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति अटैच की है। कई बॉलीवुड अभिनेता और अभिनेत्रियां भी पूछताछ के दायरे में हैं।

म्यूल अकाउंट क्या होता है?
साइबर अपराधी गरीब, बेरोजगार या लालची लोगों को 10-20 हजार रुपये देकर उनका आधार-पैन लेकर बैंक खाता खुलवाते हैं। फिर उस खाते से करोड़ों का काला धन इधर-उधर घुमाया जाता है। असली मालिक को कुछ नहीं पता चलता या वह जानबूझकर अनजान बना रहता है। अब ईडी की नजर पूरे नेटवर्क पर है – उदयपुर के होटल मालिक से लेकर गुजरात के नेता तक सबके बयान दर्ज होंगे। आने वाले दिनों में कई और बड़े खुलासे होने की संभावना है।

Check Also

IPL 2026 Eliminator SRH vs RR: वैभव सूर्यवंशी के तूफान में उड़ी सनराइजर्स हैदराबाद, राजस्थान रॉयल्स ने 47 रनों से रौंदकर क्वालिफायर-2 में मारी एंट्री

न्यू चंडीगढ़: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) के नॉकआउट स्टेज का रोमांच अपने चरम पर …