
बिहार में महिलाओं और युवतियों की सुरक्षा पर एक बार फिर गंभीर सवालिया निशान लग गया है। जमुई और समस्तीपुर की शर्मनाक घटनाओं के बाद अब बांका जिले के ऐतिहासिक व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मंदार पर्वत से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर एक रूह कंपा देने वाला वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ बेखौफ दबंग युवक एक लड़की और उसके साथ मौजूद साथियों को घेरकर बदसलूकी, गाली-गलौज और मारपीट करते साफ दिखाई दे रहे हैं।
हाथ में डंडा और चप्पल लिए युवती को घेरा, जबरन हाथ खींचते दिखे दबंग
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि 3 से 4 मनचले मंदार पर्वत परिसर में एक असहाय युवती को चारों तरफ से घेर लेते हैं। एक सिरफिरे के हाथ में लाठी-डंडा है तो दूसरा हाथ में चप्पल लहराते हुए युवती को डरा-धमका रहा है। दबंग जबरन युवती का हाथ पकड़कर खींचने का प्रयास करते हैं और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देते हैं। इस दौरान पीड़िता खौफ के साए में कांपती और गिड़गिड़ाती नजर आती है। जब युवती के साथ मौजूद लड़कों ने इस दरिंदगी का विरोध किया, तो आरोपियों ने उनके साथ भी गाली-गलौज करते हुए बेरहमी से मारपीट की।
वायरल वीडियो का बांका पुलिस ने लिया संज्ञान, 6 से 7 अज्ञात युवकों पर केस दर्ज
वीडियो इंटरनेट पर वायरल होते ही बांका पुलिस महकमे में खलबली मच गई। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए बौंसी थाना पुलिस तत्काल हरकत में आई। बौंसी थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर पंकज कुमार झा पुलिस बल (कांस्टेबल गोविंदा कुमार, रामभज्जू शर्मा और होमगार्ड वाल्मीकि कुमार पंडित) के साथ सीधे मंदार पर्वत पहुंचे और सघन जांच-पड़ताल की।
आसपास के स्थानीय दुकानदारों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ में यह तस्दीक हुई कि वीडियो मंदार पर्वत क्षेत्र का ही है और इसमें दिख रहे आरोपी स्थानीय युवक हैं। प्रारंभिक पुलिस जांच के मुताबिक, यह वारदात करीब अप्रैल माह की बताई जा रही है। मामले में थानाध्यक्ष के स्वलिखित बयान पर 6 से 7 अज्ञात उपद्रवियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस वीडियो फुटेज के आधार पर मनचलों की पहचान और पीड़िता से संपर्क साधने में जुटी है।
जमुई और समस्तीपुर में हो चुका है कड़ा एक्शन, अब बांका पर टिकी निगाहें
बिहार में युवतियों से छेड़खानी और बदसलूकी के मामलों में हाल ही में पुलिस का सख्त रुख देखने को मिला है। जमुई के मड़वा पहाड़ी पर छात्रा से दरिंदगी करने वाले मुख्य आरोपी नंदन यादव को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली मारकर दबोचा था। वहीं, समस्तीपुर के कर्पूरी ग्राम इलाके में लड़की से छेड़खानी के मामले में पुलिस ने 4 आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा है। अब देखना यह है कि बांका पुलिस मंदार पर्वत जैसी पवित्र जगह को कलंकित करने वाले इन दरिंदों को कब तक गिरफ्तार कर कानून का पाठ पढ़ाती है।
voice of india