Tuesday , 29 September 2026

बहुचर्चित सौरभ हत्याकांड : नीले ड्रम में सीमेंट से जमाकर छिपाए थे शव के टुकड़े, अब जिला अदालत में फैसले की घड़ी

मेरठ: रिश्तों को तार-तार कर पूरे समाज को दहला देने वाले बहुचर्चित सौरभ हत्याकांड में कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब इंसाफ फैसले की दहलीज पर आ पहुंचा है। जिला न्यायालय में बुधवार को इस सनसनीखेज मामले में अंतिम फैसला सुनाए जाने की प्रबल संभावना है। अभियोजन और बचाव पक्ष के अधिवक्ताओं की ओर से अदालत में अंतिम बहस पूरी की जा चुकी है, जिसके बाद अब पूरे देश की निगाहें अदालत के आने वाले निर्णय पर टिकी हुई हैं।

22 गवाह और मजबूत फॉरेंसिक साक्ष्य, अभियोजन ने की फांसी की मांग

जिला शासकीय अधिवक्ता (डीजीसी) कृष्ण कुमार चौबे ने अदालत में मजबूती से पक्ष रखते हुए बताया कि अभियोजन पक्ष ने वैज्ञानिक साक्ष्यों, फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट और 22 अहम गवाहों के बयानों की एक अटूट कड़ी अदालत के समक्ष सिलसिलेवार ढंग से पेश की है। उन्होंने भरोसा जताया कि परिस्थितियों और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर सौरभ की हत्यारोपी पत्नी मुस्कान रस्तोगी और उसके कथित प्रेमी साहिल शुक्ला को अदालत से सख्त से सख्त सजा (फांसी तक) मिलेगी।

बचाव पक्ष की दलील: कोई चश्मदीद नहीं, संपत्ति विवाद में फंसाने का आरोप

दूसरी तरफ, बचाव पक्ष के वकीलों ने अदालत में दलील दी कि इस पूरे हत्याकांड में कोई भी प्रत्यक्षदर्शी या चश्मदीद गवाह मौजूद नहीं है। बचाव पक्ष का तर्क है कि पूरा मामला महज परिस्थितियों और अनुमानों पर आधारित है। साथ ही यह दावा भी किया गया कि संपत्ति विवाद के चलते रंजिशन दोनों आरोपियों—मुस्कान रस्तोगी और साहिल शुक्ला को झूठा फंसाया गया है। बचाव पक्ष ने दोनों को संदेह का लाभ देते हुए राहत देने की अपील की है।

नीले ड्रम में सीमेंट के भीतर दफन मिले थे शव के तीन टुकड़े

यह खौफनाक वारदात तब सामने आई थी जब ब्रह्मपुरी स्थित एक मकान की तलाशी के दौरान प्लास्टिक के एक बड़े नीले ड्रम से सौरभ का शव बरामद हुआ था। हत्यारों ने शव को छिपाने और बदबू दबाने के लिए ड्रम के भीतर शव के टुकड़ों को सीमेंट के घोल में जमा दिया था। जब पुलिस ने कटर की मदद से ड्रम को कटवाया, तो भीतर सौरभ का शव तीन टुकड़ों में मिला, जिसमें सिर और दोनों हाथों के पंजे धड़ से अलग किए गए थे। लंबे समय तक सीमेंट और केमिकल में दबे रहने के कारण शव पूरी तरह सफेद पड़ चुका था। इस वीभत्स हत्याकांड के खुलासे ने हर किसी को स्तब्ध कर दिया था।

 

Check Also

पूर्व मंत्री इंद्रनील सेन के 15 ठिकानों पर ED की छापेमारी: दुर्गा पूजा ‘प्रीव्यू शो’ के नाम पर करोड़ों की हेराफेरी का आरोप, यूनेस्को के नाम पर फर्जीवाड़े का दावा

कोलकाता: प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने पश्चिम बंगाल में कथित वित्तीय अनियमितताओं और मनी लॉन्ड्रिंग (धन …