Sunday , 26 July 2026

नेपाल में बिगड़े हालात के मद्देनजर यूपी के सीमावर्ती जिलों में हाईअलर्ट, हेल्पलाइन नंबर जारी

– पुलिस मुख्यालय में बनाया गया कंट्राेल रूप, साेशल मीडिया पर हाे रही निगरानी

लखनऊ । पड़ोसी देश नेपाल में हिंसक विरोध प्रदर्शन को देखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार ने सभी सीमावर्ती जिलों को हाई अलर्ट पर रखा है। पुलिस 24 घंटे सोशल मीडिया की पोस्टाें पर भी नजर रख रही है। नेपाल में फंसे भारतीय नागरिकों की मदद के लिए लखनऊ पुलिस मुख्यालय में एक विशेष कक्ष बनाया गया है। साथ ही सरकार ने हेल्पलाइन नंबर और व्हाट्सएप नंबर भी जारी किए हैं, जिस पर मदद ली जा सकती है।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नेपाल में बिगड़ते हालात को देखते हुए पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) राजीव कृष्ण को राज्य के सभी सीमावर्ती जिलों में कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। डीजीपी ने उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती जिलों पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर और महाराजगंज में सुरक्षा बढ़ा दी है और 24 घंटे अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है। पुलिसकर्मी लगातार गश्त कर रहे हैं। डीजीपी के निर्देश पर नेपाल में फंसे भारतीय नागरिकों की मदद के लिए पुलिस मुख्यालय में एक विशेष कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है। एडीजी कानून-व्यवस्था अमिताभ यश इसकी निगरानी कर रहे हैं।

एडीजी अमिताभ ने बुधवार को बताया कि विशेष कंट्रोल रूम में तीन हेल्पलाइन नंबर 0522—2390257, 0522—2724010, 9454401674 और एक व्हाट्सएप नंबर 9454401674 जारी किया गया है। ये 24 घंटे काम करेंगे। इस नंबर के जरिए सीधे मदद मिल सकेगी। उन्होंने बताया कि सीमावर्ती जिलों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए पुलिस गश्त और निगरानी बढ़ा दी गई है। सोशल मीडिया टीम को भी अलर्ट कर दिया गया है, जो नेपाल से जुड़ी किसी भी संवेदनशील जानकारी और पोस्ट पर नजर रख रही है।

Check Also

Greater Noida: ग्रेटर नोएडा में प्राधिकरण की बड़ी लापरवाही! पानी से भरे ‘मौत के गड्ढे’ में डूबने से 6 साल के मासूम अव्यान की मौत

ग्रेटर नोएडा। शहर के नॉलेज पार्क कोतवाली क्षेत्र स्थित कलाधाम सोसायटी के पास शनिवार देर …