
मानसून अपनी विदाई की ओर बढ़ रहा है, लेकिन जाने से पहले देश के अधिकांश हिस्सों में झमाझम बारिश का दौर तेज हो गया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 13 सितंबर को देश के कई राज्यों में भारी बारिश, तेज हवाओं और आकाशीय बिजली चमकने का अलर्ट जारी किया है। मैदानी इलाकों से लेकर पहाड़ी राज्यों तक मौसम के तेवर तल्ख बने हुए हैं और कई जगहों पर जलभराव की स्थिति बन सकती है।
दिल्ली-एनसीआर में बादलों का डेरा, 16 सितंबर तक बूंदाबांदी के आसार राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज आमतौर पर बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की जा सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, आज दिल्ली का अधिकतम तापमान लगभग 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। राजधानी में कल यानी 14 सितंबर को भी हल्की बौछारें पड़ने की संभावना है, जबकि बूंदाबांदी का यह सिलसिला 16 सितंबर तक रुक-रुक कर जारी रह सकता है।
उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड में बिगड़ेगा मौसम उत्तर प्रदेश के कई जिलों में मूसलाधार बारिश की चेतावनी दी गई है। राज्य के सोनभद्र, कुशीनगर, महराजगंज, प्रयागराज और गोरखपुर में भारी बारिश की प्रबल संभावना है। इसके अलावा कानपुर, मिर्ज़ापुर, चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रतापगढ़, जौनपुर और सुल्तानपुर में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने का अनुमान है।
बिहार के अधिकांश हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश और कहीं-कहीं भारी बारिश की आशंका है। वहीं, झारखंड के कई जिलों में आंधी-तूफान, बिजली गिरने और तेज बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।
राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में सक्रिय हुआ सिस्टम राजस्थान में मानसूनी गतिविधियों में तेजी देखने को मिलेगी। कोटा और उदयपुर संभाग तथा आसपास के जिलों में आज और कल मध्यम से भारी बारिश के आसार हैं।
मध्य प्रदेश के पश्चिमी हिस्से में मौसम का असर अधिक रहेगा। राज्य के इंदौर, आलीराजपुर, आगर-मालवा, झाबुआ, खंडवा, देवास और बुरहानपुर जिलों में मूसलाधार बारिश का अलर्ट है। पड़ोसी राज्य छत्तीसगढ़ के भी कई हिस्सों में तेज आंधी और बारिश की चेतावनी दी गई है।
पंजाब, हरियाणा, गुजरात और महाराष्ट्र का मौसम उत्तर-पश्चिम भारत के पंजाब और हरियाणा के कई इलाकों में आज बादल गरजने के साथ बारिश हो सकती है। महाराष्ट्र के मराठवाड़ा क्षेत्र में बहुत भारी बारिश का अनुमान जताया गया है। गुजरात में भी भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। पश्चिम बंगाल और सिक्किम में मानसूनी हवाओं के असर से 17 सितंबर तक कई स्थानों पर लगातार वर्षा हो सकती है।
पहाड़ी राज्यों में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी पहाड़ों पर लगातार हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित है। उत्तराखंड के हरिद्वार, नैनीताल, चंपावत, पिथौरागढ़, बागेश्वर, ऋषिकेश, पौड़ी गढ़वाल, उत्तरकाशी, चमोली और टिहरी गढ़वाल में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।
हिमाचल प्रदेश के किन्नौर, मंडी, ऊना, चंबा, हमीरपुर, सोलन, बिलासपुर और कांगड़ा जिलों में आंधी-तूफान के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में भी तेज हवाओं के साथ भारी बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है।
पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत में भी जमकर बरसेंगे बादल पूर्वोत्तर के राज्यों असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में गरज-चमक के साथ बारिश का सिलसिला बना रहेगा।
दक्षिण भारत की बात करें तो तटीय आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में मौसम सबसे अधिक सक्रिय रहेगा। तमिलनाडु में हल्की से मध्यम बारिश और केरल में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।
voice of india