![]()
राजधानी दिल्ली के नरेला इलाके में रोशनी का त्योहार दिवाली एक परिवार के लिए जिंदगी भर का अंधेरा दे गया। नरेला थाना क्षेत्र स्थित राजीव कॉलोनी में आतिशबाजी के दौरान हुए एक दर्दनाक हादसे में 10 वर्षीय मासूम की जान चली गई। त्योहार की चहल-पहल और खुशियों के बीच अचानक हुए इस हादसे से पूरे इलाके में सन्नाटा पसर गया है।
आसमान में जाने के बजाय मासूम के पेट में जा धंसा रॉकेट
परिजनों के मुताबिक, दिवाली की रात घर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना संपन्न होने के बाद सभी लोग बाहर पटाखे फोड़ रहे थे। इसी दौरान 10 साल का मासूम भी रॉकेट जलाने लगा। जैसे ही उसने रॉकेट में आग लगाई, वह ऊपर आसमान की तरफ जाने के बजाय दिशा भटक गया और सीधे बच्चे के पेट में जा लगा। जोरदार धमाके के साथ बच्चा लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। खून से लथपथ बच्चे को परिजन तुरंत नरेला के राजा हरिश्चंद्र अस्पताल लेकर भागे।
इलाज के दौरान तोड़ा दम, डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाकर किया हंगामा
अस्पताल की इमरजेंसी में प्राथमिक जांच के बाद डॉक्टरों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया। बच्चे की मौत की खबर मिलते ही परिजनों के सब्र का बांध टूट गया और अस्पताल परिसर में भारी हंगामा शुरू हो गया। रोते-बिलखते परिजनों ने अस्पताल प्रशासन और डॉक्टरों पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए। उनका कहना था कि यदि समय रहते सही तरीके से इलाज शुरू किया जाता तो मासूम की जान बचाई जा सकती थी। बेटे के दुनिया से चले जाने का सदमा पिता बर्दाश्त नहीं कर सके और अस्पताल में ही उनकी तबीयत भी अचानक बिगड़ गई।
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा, पुलिस जुटी मामले की तफ्तीश में
अस्पताल में हंगामे और घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने मासूम के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है और परिजनों के बयानों के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जिस आंगन में कुछ देर पहले तक दिवाली की रोशनी और बच्चे की हंसी गूंज रही थी, वहां अब सिर्फ सिसकियों और मातम का माहौल है।
voice of india