Saturday , 12 September 2026

जान का डर या सब्र की इंतेहा: पत्नी आशिक संग हुई फरार तो PRD जवान ने मंदिर में खुद कराई दोनों की शादी, लखनऊ के मलिहाबाद का अजब मामला

 

लखनऊ।  राजधानी लखनऊ के ग्रामीण इलाके मलिहाबाद से एक ऐसा अजीबोगरीब मामला सामने आया है, जिसे सुनकर हर कोई दंग रह गया। इसे जान का खौफ कहिए या सब्र की इंतेहा, एक पति ने अपनी आंखों के सामने अपना ही संसार बिखरते देखा और बिना किसी हंगामे के अपनी पत्नी का हाथ उसके आशिक के हाथ में थमा दिया। एक साल पहले सात फेरे लेकर जिस युवती को दुल्हन बनाकर लाया था, जब वह अपने स्कूली बॉयफ्रेंड संग भाग गई, तो विवाद और अनहोनी के डर से पति ने गांव के मंदिर में दोनों की शादी करवा दी। यह पूरा वाकया अब इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।

धूमधाम से रचाई थी शादी, लेकिन दिल में बसा था पुराना प्यार

जानकारी के मुताबिक, मलिहाबाद थाना क्षेत्र के रहने वाले एक पीआरडी (PRD) जवान का विवाह करीब एक साल पहले माल थाना क्षेत्र की रहने वाली युवती के साथ पूरे रीति-रिवाज और धूमधाम से हुआ था। दोनों ने अग्नि को साक्षी मानकर सात जन्मों तक साथ निभाने की कसमें खाई थीं। शुरुआती एक साल तक गृहस्थी पटरी पर चलती रही, लेकिन पति इस बात से पूरी तरह अनजान था कि दुल्हन का दिल आज भी अपने स्कूल के दिनों के प्रेमी से जुड़ा हुआ है। दोनों छिप-छिपकर एक-दूसरे के संपर्क में थे और अपनी दुनिया बसाने की फिराक में थे।

चार दिन पहले प्रेमी संग हरदोई हुई थी फरार

रविवार को आखिरकार वही हुआ जिसका अंदेशा था। युवती ससुराल से अचानक गायब हो गई। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। परेशान होकर पीआरडी जवान ने मलिहाबाद थाने में पत्नी की गुमशुदगी की तहरीर दी। पुलिस ने सर्विलांस और तकनीकी जांच की मदद से छानबीन शुरू की तो महिला की मोबाइल लोकेशन पड़ोसी जनपद हरदोई में ट्रेस हुई। इसके बाद पता चला कि वह अपने स्कूली प्रेमी के साथ भागकर वहां रह रही है।

अखबारों की खौफनाक खबरों का खौफ और पति का फैसला

पुलिस की मदद से जब युवती को वापस लाया गया, तो उसने पति के साथ किसी भी सूरत में रहने से साफ इनकार कर दिया। उसने दो टूक शब्दों में कह दिया कि वह सिर्फ अपने प्रेमी के साथ ही जिंदगी बिताएगी। जवान के सामने उसकी दुनिया उजड़ रही थी, लेकिन हाल के दिनों में देश-प्रदेश में पतियों के साथ होने वाली खौफनाक वारदातों ने शायद उसके जेहन में डर पैदा कर दिया। उसने समझ लिया कि जबरन रिश्ते को ढोने से जिंदगी खतरे में पड़ सकती है। बिना किसी विवाद, झगड़े या कोर्ट-कचहरी के उसने कड़वा घूंट पीकर पत्नी की रजामंदी को स्वीकार कर लिया।

गांव के मंदिर में खुद खड़े होकर कराया विवाह

‘जब बिछड़ना तय है तो झगड़ा क्यों करें’—इसी सोच के साथ पीआरडी जवान ने बड़ा दिल दिखाया और गांव के ही एक मंदिर में दोनों का विवाह संपन्न करा दिया। पति ने खुद खड़े रहकर अपनी पत्नी को उसके आशिक को सौंप दिया और कानूनी व सामाजिक विवाद से खुद को हमेशा के लिए अलग कर लिया। जिस मामले में खूनी संघर्ष या भारी बवाल हो सकता था, उसे पति के इस फैसले ने चंद पलों में शांत कर दिया। अब इस अनोखी शादी की चर्चा पूरे लखनऊ और आसपास के जिलों में खूब हो रही है।

Check Also

2026 Maruti Suzuki Baleno Facelift: नई कीमतों का हुआ ऐलान, ₹5.99 लाख की शुरुआती कीमत में मिलेंगे ADAS और धांसू माइलेज जैसे फीचर्स

मारुति सुजुकी ने अपनी लोकप्रिय प्रीमियम हैचबैक 2026 बलेनो फेसलिफ्ट की कीमतों को लेकर स्थिति …