Tuesday , 8 September 2026

जमीन के झगड़े में बुजुर्ग पर हमला: दांत तोड़ने और जान लेने की धमकी का आरोप, चार के खिलाफ FIR

बड़हलगंज। क्षेत्र के करौंदी गांव में जमीन को लेकर हुए विवाद में 83 वर्षीय बुजुर्ग के साथ मारपीट, दांत तोड़ने और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
करौंदी गांव निवासी 83 वर्षीय रामाशंकर यादव ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह पिछले लगभग 50 वर्षों से परिवार सहित मुंबई में रहते हैं। गांव में उनकी खेती योग्य जमीन की देखभाल उनके बड़े भाई के बेटे नंदकुमार यादव करते थे। जब वह हाल ही में गांव लौटे और अपनी जमीन मांगी तो उनके भतीजे नंदकुमार यादव, उसकी पत्नी पार्वती देवी, पुत्र दीपक यादव तथा चाचा रामानंद यादव ने जमीन वापस देने से मना कर दिया।
पीड़ित के अनुसार, गांव के कुछ लोगों के हस्तक्षेप से बंटवारा कराकर उन्हें उनकी हिस्सेदारी का कुछ भाग तय कर दिया गया था, लेकिन आरोपियों ने वह हिस्सा देने से भी इंकार कर दिया। यहां तक कि उस जमीन से ट्रैक्टर ले जाने के लिए अलग से रास्ता मांगकर दबाव बनाया जा रहा था। इसी विवाद को लेकर चारों आरोपियों ने बुजुर्ग के साथ जमकर मारपीट की, जिससे उनका एक दांत टूट गया। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपी उन्हें लगातार जान से मारने की धमकी भी दे रहे हैं।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर चारों नामजद आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Check Also

बस्ती में पूर्व थानाध्यक्ष खुदकुशी मामले में बड़ा खुलासा: हनीट्रैप और ब्लैकमेलिंग सिंडिकेट का पर्दाफाश; महिला, पिता और वकील गिरफ्तार

बस्ती: उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में वाल्टरगंज थाने के पूर्व थानाध्यक्ष सूर्य प्रकाश सिंह …