Sunday , 11 October 2026

जंतर-मंतर पर CJP का प्रदर्शन: दिल्ली में धारा 163 लागू, मेट्रो के 57 स्टेशनों पर पाबंदी; ड्रोन-बॉडी कैमरों से पहरा और हिरासत का दौर शुरू

राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर शनिवार को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रस्तावित विरोध-प्रदर्शन को लेकर दिल्ली पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह मुस्तैद हैं। अनुमति न मिलने के बावजूद प्रदर्शनकारियों के जुटने की आशंका को देखते हुए नई दिल्ली और लुटियंस जोन में सुरक्षा का ऐसा अभेद्य घेरा तैयार किया गया है कि परिंदा भी पर न मार सके। प्रदर्शन स्थल की ओर बढ़ने की कोशिश कर रहे कई कार्यकर्ताओं को दिल्ली पुलिस ने सुबह ही हिरासत में लेना शुरू कर दिया है।

देखें VIDEO

https://x.com/ANI/status/2108754495731806539?ref_src=twsrc%5Etfw%7Ctwcamp%5Etweetembed%7Ctwterm%5E2108754495731806539%7Ctwgr%5E%7Ctwcon%5Es1_&ref_url=

दिल्ली में BNSS की धारा 163 लागू, नियमों के उल्लंघन का हवाला देकर खारिज हुई थी अनुमति

दिल्ली पुलिस ने साफ किया है कि सीजेपी को प्रदर्शन की कोई कानूनी मंजूरी नहीं दी गई है। पुलिस प्रशासन के मुताबिक, पार्टी की तरफ से कार्यक्रम की अर्जी 7 अक्टूबर को दी गई थी, जबकि प्रदर्शन 10 अक्टूबर को होना था। तय दिशा-निर्देशों के अनुसार अनुमति के लिए जरूरी समयसीमा का पालन नहीं किया गया। इसके अलावा पूर्व में हुए आंदोलनों के दौरान नियमों के कथित उल्लंघन को भी इस निर्णय का मुख्य आधार बताया गया है। नई दिल्ली क्षेत्र में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 लागू कर दी गई है और पुलिस ने सख्त चेतावनी जारी की है कि निषेधाज्ञा का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई होगी।

57 मेट्रो स्टेशनों के गेट आज शाम तक बंद, यात्रियों को भारी परेशानी

प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने सुरक्षा एजेंसियों के निर्देश पर बड़ा कदम उठाया है। दिल्ली मेट्रो नेटवर्क के 57 प्रमुख स्टेशनों के एंट्री और एग्जिट गेटों को शुक्रवार से ही बंद कर दिया गया था, जो आज शाम 6 बजे तक बंद रहेंगे। हालांकि यात्रियों के लिए इंटरचेंज की सुविधा जारी रखी गई है, लेकिन गेट बंद होने की वजह से लुटियंस दिल्ली, मध्य दिल्ली और पुरानी दिल्ली के बाजारों और दफ्तरों में जाने वाले दैनिक यात्रियों को भारी मशक्कत करनी पड़ रही है।

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर RAF की तैनाती, आसमान से ड्रोन और जमीन पर बॉडी कैमरों से निगरानी

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन और आसपास के रणनीतिक इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था बेहद सख्त कर दी गई है। स्टेशन परिसर में दिल्ली पुलिस के साथ रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) की टुकड़ियां लगातार फ्लैग मार्च कर रही हैं। किसी भी अप्रिय स्थिति या संदिग्ध भीड़ की हलचल को भांपने के लिए आसमान से ड्रोन कैमरों के जरिए चप्पे-चप्पे पर नजर रखी जा रही है।

जमीन पर तैनात पुलिसकर्मियों को नाइट-विज़न वाले विशेष बॉडी-वॉर्न कैमरों से लैस किया गया है। अधिकारियों के अनुसार, ये कैमरे अंधेरे में भी स्पष्ट वीडियो और ऑडियो रिकॉर्ड करने में सक्षम हैं। किसी भी तरह की धक्का-मुक्की, टकराव या झूठे आरोपों से बचने और निष्पक्ष जांच के लिए पुलिसकर्मियों की हर गतिविधि इन कैमरों में डिजिटल रूप से दर्ज हो रही है।

बीजेपी नेता दिलीप घोष का बयान: अशांति फैलाने वालों से निपटने के लिए पहले से हुए पुख्ता इंतजाम

प्रदर्शन को लेकर लागू पाबंदियों और बड़ी संख्या में ट्रेनें रद्द होने पर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता दिलीप घोष ने कोलकाता में प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि दिल्ली में अशांति फैलाने की किसी भी कोशिश से आम जनता को बचाने के लिए केंद्र और पुलिस प्रशासन ने समय रहते पुख्ता प्रबंध किए हैं।

दिलीप घोष ने कहा कि भारत एक लोकतांत्रिक देश है और संविधान हर किसी को अपनी बात रखने और शांतिपूर्ण विरोध का अधिकार देता है, लेकिन इस अधिकार की आड़ में कानून-व्यवस्था को बंधक बनाने की छूट किसी को नहीं दी जा सकती। उन्होंने कहा कि बाहर से आने वाले तत्वों के कारण दिल्ली के नागरिकों को असुविधा न हो, इसीलिए सुरक्षा के कड़े कदम उठाए गए हैं।

 

Check Also

शारदीय नवरात्र 2026: 10 या 11 अक्टूबर? दूर करें तारीखों का संशय, जानें घटस्थापना का शुभ मुहूर्त और मां दुर्गा की सवारी

पितृपक्ष की विदाई के उपरांत मां दुर्गा की उपासना के नौ पावन दिनों यानी शारदीय …