
गुरुग्राम के पॉश इलाके गोल्फ कोर्स रोड पर महिला बाइक राइडर को तेज रफ्तार कार से टक्कर मारने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। हादसे का रूह कंपा देने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमा एक्शन में आ गया है। महिला राइडर सिया ने कार चालक पर पीछा करने और जानबूझकर टक्कर मारने का सनसनीखेज आरोप लगाया है। दूसरी ओर, मामले के तूल पकड़ते ही आरोपी कल्याण बैंसला ने टक्कर की बात तो कुबूल कर ली है, लेकिन जानबूझकर मारने के आरोप को सिरे से खारिज किया है।
फरार आरोपी की तलाश में 5 पुलिस टीमें, 48 घंटे बाद भी खाली हाथ
वारदात के 48 घंटे बीत जाने के बावजूद मुख्य आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर चल रहा है। पुलिस ने आरोपी कल्याण बैंसला की गिरफ्तारी के लिए पांच विशेष टीमों का गठन किया है, जो लगातार उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। इसके साथ ही गोल्फ कोर्स रोड के चप्पे-चप्पे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को आपस में जोड़ा जा सके।
बदसलूकी और पीछा करने का आरोप, कैमरे में कैद हुआ खौफनाक मंजर
पीड़िता सिया के अनुसार, रविवार सुबह वह अपनी अप्रिलिया आरएस 457 स्पोर्ट्स बाइक से साथी राइडर्स के साथ गोल्फ कोर्स रोड से गुजर रही थी। तभी एक कार उनके पीछे लग गई। सिया का आरोप है कि कार सवार युवकों ने पहले फब्तियां कसीं और पीछा किया। जब वह तीसरी लेन में सामान्य गति से जा रही थी, तभी कार चालक ने अचानक तेजी से आकर उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। सिया बाइक समेत सड़क पर कई मीटर तक घिसटती चली गई। यह पूरा वाकया उसकी बाइक पर लगे कैमरे में कैद हो गया। सिया का यह भी आरोप है कि रोकने की कोशिश करने पर कार चालक रेड लाइट जंप करके भाग निकला और वह नशे की हालत में लग रहा था।
बचाव में उतरा आरोपी, वकील ने उठाए रफ्तार और लाइसेंस पर सवाल
मामला गरमाने के बाद आरोपी कल्याण बैंसला ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि रविवार सुबह वह अपनी बहन और भाइयों के साथ जा रहा था। यू-टर्न के पास अचानक कार से नियंत्रण खो जाने के कारण यह हादसा हुआ, जो कि उसकी गलती थी। कल्याण ने दावा किया कि अगर वह मौके पर रुकता तो उग्र बाइकर्स उसके परिवार पर हमला कर देते। वहीं, आरोपी के वकील नवीन बैंसला ने बाइकर सिया पर सवाल खड़े करते हुए आरोप लगाया कि सिया करीब 170 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गाड़ी दौड़ा रही थीं। वकील ने उनके ड्राइविंग लाइसेंस पर सवाल उठाते हुए कहा कि करीब 20-22 राइडर्स सोशल मीडिया पर व्यूज और फॉलोअर्स पाने के लिए खतरनाक स्टंट कर रहे थे।
गाड़ी दोस्त की निकली, पिता बोले- यह सीधा हमला है
जांच में सामने आया है कि वारदात में इस्तेमाल कार मनीष नाम के शख्स की है। मनीष ने स्पष्ट किया है कि घटना के वक्त उसका दोस्त कल्याण ही गाड़ी चला रहा था। विवाद बढ़ते ही कल्याण ने अपना इंस्टाग्राम अकाउंट भी डिएक्टिवेट कर दिया है। इधर, पीड़िता के पिता ने घटना को सामान्य एक्सीडेंट मानने से इनकार कर दिया है। उन्होंने इसे जानलेवा हमला और महिला सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मसला बताते हुए पुलिस प्रशासन से आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
voice of india