Monday , 24 August 2026

गिनी में भारी बारिश के बाद दरका कचरे का विशाल पहाड़, मलबे में दबीं कई झोपड़ियां; 22 लोगों की दर्दनाक मौत

कोनाक्री  : पश्चिम अफ्रीकी देश गिनी की राजधानी कोनाक्री से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। रविवार तड़के भारी बारिश के बीच शहर के सबसे बड़े डंपिंग यार्ड में कचरे का एक विशाल पहाड़ अचानक भरभराकर ढह गया। इस भीषण भूस्खलन की चपेट में आकर कम से कम 22 लोगों की जान चली गई, जबकि कई लोग अब भी मलबे में दबे बताए जा रहे हैं।

तड़के 3 बजे चीख-पुकार के बीच जमींदोज हुईं झोपड़ियां

यह दिल दहला देने वाली घटना राजधानी के दार-एस-सलाम इलाके में स्थित प्रमुख कचरा डंपिंग स्थल पर हुई। सिविल प्रोटेक्शन सर्विस के अधिकारियों के अनुसार, रविवार तड़के करीब 3 बजे क्षेत्र में मूसलाधार बारिश हो रही थी। लगातार पानी के बहाव से कचरे का भारी-भरकम ढेर गीला होकर असंतुलित हो गया और देखते ही देखते भयानक भूस्खलन में तब्दील हो गया। कचरे और कीचड़ के इस सैलाब ने नीचे बनी दर्जनों कच्ची बस्तियों और झोपड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया। सोते हुए लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और वे मलबे के नीचे दब गए।

इलाका खाली करने का दिया गया था नोटिस, फिर भी रह रहे थे लोग

मिलिट्री इंजीनियरिंग बटालियन के सैनिटेशन अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल बाल्डे मामादोउ बैलो ने घटना को लेकर अहम जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस लैंडफिल को रविवार को ही आधिकारिक तौर पर बंद करने की योजना थी। प्रशासन की ओर से खतरे को भांपते हुए आसपास रहने वाले लोगों को जगह खाली करने का नोटिस पहले ही जारी कर दिया गया था। कई परिवार सुरक्षित स्थानों पर चले गए थे, लेकिन कुछ लोग अब भी वहीं टिके हुए थे, जो इस प्राकृतिक और मानव निर्मित आपदा का शिकार बन गए।

युद्धस्तर पर राहत-बचाव कार्य, बढ़ सकता है मृतकों का आंकड़ा

हादसे की सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर मलबे में फंसे लोगों को निकालने का अभियान शुरू किया। आशंका जताई जा रही है कि मलबे की गहराई अधिक होने के कारण मृतकों की संख्या में और इजाफा हो सकता है। मौके पर पहुंचे देश के टेरिटोरियल एडमिनिस्ट्रेशन एंड डिसेंट्रलाइजेशन मंत्री डिएनाबू टुरे ने हालात का जायजा लिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशासन प्रभावित इलाके में रह रहे बाकी सभी परिवारों को तत्काल प्रभाव से सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट कराने के पूरे पुख्ता इंतजाम कर रहा है।

 

Check Also

NEET UG धांधली में EOU का बड़ा खुलासा: ‘स्कॉलर’ बनकर बैठे थे एक दर्जन मेडिकल छात्र, सम्राट ने उगले दो दर्जन नाम; बेऊर जेल भेजे गए दोनों भाई

पटना  : नीट यूजी (NEET UG) पुनर्परीक्षा में कथित धांधली और मुन्नाभाई सिंडिकेट की जांच …