
गाजियाबाद उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जनपद अंतर्गत विजयनगर थाना क्षेत्र से इंसानियत और पड़ोस के भरोसे को तार-तार कर देने वाली शर्मनाक घटना सामने आई है। यहां एक मकान में बाथरूम में नहा रही महिला का उसके ही पड़ोसी किरायेदार द्वारा छिपकर मोबाइल से वीडियो बनाने का मामला प्रकाश में आया है। नहाते समय महिला की नजर जैसे ही वीडियो रिकॉर्ड कर रहे मोबाइल फोन पर पड़ी, आरोपी मौके से भाग निकला। पीड़िता ने तुरंत अपने पति को आपबीती सुनाई, जिसके बाद जब आरोपी का मोबाइल खंगाला गया तो उसमें नहाती हुई महिला का आपत्तिजनक वीडियो बरामद हुआ। पीड़िता के पति की तहरीर पर विजयनगर थाना पुलिस ने शनिवार देर रात आरोपी के खिलाफ संगीन धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
बाथरूम में नहाते वक्त मोबाइल पर पड़ी नजर, रंगेहाथ पकड़े जाने के डर से भागा आरोपी पुलिस को दी गई लिखित शिकायत के अनुसार, पीड़िता और उसका परिवार विजयनगर क्षेत्र में रहता है। उनके पड़ोस में भूपेश कुमार नाम का युवक किराये पर रहता है। शनिवार दोपहर करीब एक बजे पीड़िता अपने घर के बाथरूम में नहाने गई थी। आरोप है कि इसी दौरान ताक-झांक कर रहे पड़ोसी किरायेदार भूपेश कुमार ने दीवार या रोशनदान के सहारे अपना मोबाइल फोन आगे कर महिला का अश्लील वीडियो बनाना शुरू कर दिया। नहाते समय अचानक महिला की नजर संदिग्ध रूप से घूम रहे मोबाइल कैमरे पर पड़ गई। महिला के शोर मचाने और उसे देखते ही आरोपी भूपेश आनन-फानन में मोबाइल समेटकर वहां से भाग खड़ा हुआ।
पति ने घर पहुंचकर चेक किया आरोपी का फोन, सच सामने आते ही उड़े होश घटना के तुरंत बाद सहमी पीड़िता ने अपने पति को फोन कर पूरी घटना से अवगत कराया। पीड़िता के पति ने घर पहुंचकर आरोपी भूपेश को पकड़ा और उसके मोबाइल फोन की जांच की। मोबाइल की गैलरी खंगालने पर उसमें पीड़िता का नहाते समय बनाया गया वीडियो मौजूद मिला, जिसे देखकर परिजनों के होश उड़ गए और पड़ोसियों में आक्रोश फैल गया। इसके बाद परिजनों ने बिना देर किए सीधे विजयनगर थाने पहुंचकर लिखित तहरीर दी और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।
एसीपी कोतवाली का बयान: आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज, साक्ष्यों के आधार पर होगी सख्त कार्रवाई महिला अपराध से जुड़ा गंभीर मामला संज्ञान में आते ही पुलिस महकमा हरकत में आ गया। मामले की जानकारी देते हुए एसीपी कोतवाली उपासना पांडेय ने बताया कि पीड़िता के पति द्वारा दी गई शिकायत के आधार पर आरोपी भूपेश कुमार के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी के मोबाइल फोन को कब्जे में लेकर तकनीकी साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहनता से तफ्तीश की जा रही है और डिजिटल व फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ कड़ी विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
voice of india