Thursday , 20 August 2026

खेलते-खेलते हादसा: एक वर्षीय मासूम गड्ढे में डूबा, इकलौते बेटे की मौत से परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

सवायजपुर, हरदोई। मुंडेर गांव में शुक्रवार की सुबह घर में खेल रहा एक 1 वर्षीय मासूम नाली के गड्ढे में डूब गया, परिजन आनन-फानन में अस्पताल ले गए जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। तीन बेटियों के बाद काफी मन्नतों से हुए इकलौते बेटे की मौत से परिजन बदहवास हैं और उनका रो-रो कर बुरा हाल है।

सवायजपुर कोतवाली क्षेत्र के मुंडेर गांव में पुष्पेंद्र परिजनों सहित रहते हैं और वह खेती किसानी का काम करते हैं। पुष्पेंद्र के तीन बेटियों प्रज्ञा, वर्तिका और अनन्या के बाद काफी मन्नतों से 1 साल पूर्व बेटे कार्तिक का जन्म हुआ तो परिजन काफी खुश हुए। पर इन खुशियों को किसी की नजर लग गई, शुक्रवार सुबह को पुष्पेंद्र का 1 वर्षीय बेटा कार्तिक घर में खेल रहा था। तभी घर के अंदर नाली के गड्ढे में वह किसी तरह डूब गया। काफी देर तक कार्तिक के न दिखाने पर परिजनों ने खोजबीन की तो गड्ढे में वह उतराता मिला।

आनन-फानन में परिजन फर्रुखाबाद के निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। इकलौते बेटे की मौत से मां जयंती बदहवास हैं और रोते-रोते बेहोश हो जाती हैं, होश आने पर फिर रोने लगती हैं। इसी तरह अन्य परिजनों का भी हाल है, चारों तरफ रोने और चीखने की आवाजें सुनाई पड़ रही हैं। पुष्पेंद्र और उसके परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को नहीं दी।

Check Also

बेंगलुरु के चिक्काबनावारा में सनसनीखेज दोहरा हत्याकांड: प्रेमी के साथ मिलकर पति और 4 साल के मासूम बेटे की हत्या, पत्नी समेत दोनों आरोपी गिरफ्तार

बेंगलुरु के चिक्काबनावारा इलाके में दिल दहला देने वाले दोहरे हत्याकांड का पर्दाफाश हुआ है। …