Monday , 21 September 2026

खाड़ी में गहराया युद्ध का संकट: सऊदी पर हूतियों के ताबड़तोड़ मिसाइल-ड्रोन हमलों के बाद अमेरिका का बड़ा अलर्ट, ईरान की सीधी चेतावनी

वाशिंगटन/रियाद।   यमन के ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों द्वारा सऊदी अरब पर किए गए बैलिस्टिक मिसाइल और ड्रोन हमलों के बाद समूचे पश्चिम एशिया में तनाव चरम पर पहुंच गया है। सऊदी अरब के कई अहम शहरों और नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाए जाने के बाद संयुक्त राज्य अमेरिका ने सुरक्षा को लेकर बड़ा अलर्ट जारी किया है। अमेरिकी राजनयिक मिशन ने सऊदी अरब में कार्यरत अपने सभी सरकारी कर्मचारियों की आवाजाही पर कड़े प्रतिबंध लगाते हुए ताइफ और यनबू शहरों की यात्रा के लिए विशेष आधिकारिक अनुमति लेना अनिवार्य कर दिया है। यह सख्त पाबंदी सरकारी ड्यूटी के साथ-साथ निजी यात्राओं पर भी समान रूप से लागू की गई है। इसके साथ ही वहां रह रहे आम अमेरिकी नागरिकों को अत्यधिक सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

रियाद एयरपोर्ट के पास धमाका, कई शहरों पर मिसाइल-ड्रोन अटैक

सुरक्षा को लेकर यह अलर्ट उस समय जारी किया गया जब हूती लड़ाकों ने सऊदी अरब के प्रमुख शहरों को निशाना बनाते हुए एक साथ कई मिसाइलें और ड्रोन दागे। हमलों के तहत राजधानी रियाद की ओर एक बैलिस्टिक मिसाइल दागी गई, जिसे सऊदी नेतृत्व वाले सैन्य गठबंधन ने हवा में ही मार गिराने का दावा किया। हालांकि, रियाद स्थित अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के निकट तेज धमाकों की आवाज और काले धुएं का बड़ा गुबार उठते देखा गया। गनीमत रही कि सऊदी अधिकारियों के अनुसार इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। गठबंधन ने यह भी स्पष्ट किया कि रियाद के अलावा बिश, ताइफ, फरासन और लाल सागर के अहम औद्योगिक शहर यनबू में भी नागरिक आबादी और बुनियादी ढांचे को निशाना बनाने की कोशिशें की गईं, जिन्हें समय रहते नाकाम कर दिया गया।

अमेरिकी नागरिकों के लिए एडवाइजरी: ‘लेवल-3’ यात्रा चेतावनी जारी

हालात की गंभीरता को देखते हुए अमेरिकी विदेश विभाग ने सऊदी अरब के लिए ‘लेवल-3: यात्रा पर पुनर्विचार करें’ (Reconsider Travel) की एडवाइजरी बरकरार रखी है। इस निर्देश में संभावित ड्रोन-मिसाइल हमलों, सशस्त्र संघर्ष और आतंकी गतिविधियों के सीधे खतरे का उल्लेख किया गया है। सऊदी अरब में मौजूद अमेरिकी नागरिकों से अपील की गई है कि वे स्थानीय मीडिया और आधिकारिक घोषणाओं पर नजर बनाए रखें, मोबाइल फोन को हमेशा चार्ज रखें और किसी भी हवाई हमले की चेतावनी के दौरान खिड़कियों और कांच के दरवाजों से दूर सुरक्षित स्थान पर रहें। इसके अलावा, लोगों को बड़े सार्वजनिक जमावड़ों, विरोध-प्रदर्शनों और उन व्यापारिक या सार्वजनिक स्थलों से दूर रहने की हिदायत दी गई है जिनकी पहचान अमेरिका से जुड़ी मानी जाती है।

ईरान की खुली धमकी: अमेरिका ने हमला किया तो होगा लगातार पलटवार

सऊदी अरब पर हूती हमलों के बीच तेहरान से आई कड़ी प्रतिक्रिया ने क्षेत्रीय संघर्ष के और भड़कने की आशंका बढ़ा दी है। ईरानी सैन्य केंद्रीय कमान ने सरकारी मीडिया के जरिए बयान जारी करते हुए अमेरिका और उसके पश्चिमी सहयोगियों को सीधी चेतावनी दी है। ईरान ने साफ कहा कि यदि अमेरिका अथवा उसके साथी देशों की ओर से कोई नया बड़ा सैन्य हमला किया जाता है, तो ईरान सीधे तौर पर अमेरिका के खिलाफ आक्रामक और लगातार जवाबी कार्रवाई करेगा। तेहरान ने चेतावनी भरे लहजे में यह भी जोड़ा कि मध्य पूर्व में स्थित अमेरिका के सहयोगी मुल्कों को भी इस टकराव में सीधे तौर पर संघर्ष का पक्षकार माना जाएगा।

कतर ने की हमलों की तीखी निंदा, हवाई यातायात पर भी संकट

रियाद और अन्य शहरों पर हुए इन हमलों पर खाड़ी देश कतर ने कड़ा रुख अख्तियार किया है। कतर के विदेश मंत्रालय ने बयान जारी कर सऊदी अरब की संप्रभुता और अंतरराष्ट्रीय कानूनों के उल्लंघन की कड़े शब्दों में निंदा की है और संकट की इस घड़ी में सऊदी अरब के साथ पूरी एकजुटता जताई है। इस बीच, वाशिंगटन ने मध्य पूर्व की यात्रा करने वाले या वहां के हवाई क्षेत्र से गुजरने वाले अंतरराष्ट्रीय यात्रियों को भी सचेत किया है। बिगड़ती सुरक्षा स्थिति के चलते उड़ानों के अचानक रद्द होने, एयरस्पेस बंद होने और बड़े पैमाने पर यात्रा व्यवधानों का खतरा गहरा गया है। 

Check Also

ट्रंप-शी जिनपिंग शिखर वार्ता से पहले बड़ा कदम: अमेरिका और चीन के बीच AI सुरक्षा हॉटलाइन और नई ट्रेड काउंसिल पर बनी सहमति

 न्यूयॉर्क।   व्हाइट हाउस में इस सप्ताह होने वाली अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और चीनी राष्ट्रपति …