Saturday , 26 September 2026

कालकाजी गैंगरेप: ‘गर्दन पर चाकू रखकर दरिंदों ने बारी-बारी नोचा’, आस्था कुंज पार्क में नाबालिग से हैवानियत की खौफनाक दास्तां; तीनों आरोपी 14 दिन की जेल में

राजधानी दिल्ली के पॉश इलाके कालकाजी स्थित आस्था कुंज पार्क में 17 वर्षीय किशोरी के साथ हुई सामूहिक दरिंदगी के मामले में अदालत ने तीनों आरोपियों—आसिफ, हेमंत और मुकेश—को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में तिहाड़ जेल भेज दिया है। इस बीच पुलिस की एफआईआर में पीड़िता द्वारा दर्ज कराया गया दर्दनाक बयान सामने आया है, जिसमें उसने वहशियों द्वारा की गई बर्बरता की परत-दर-परत हकीकत बयां की है। पीड़िता के मुताबिक, तीनों आरोपियों ने पार्क के अलग-अलग सुनसान कोनों में ले जाकर उसकी गर्दन पर चाकू सटाया, बेरहमी से पीटा और जान से मारने की धमकी देकर अपनी हवस का शिकार बनाया।

फर्जी पुलिसकर्मी बनकर रोका, फिर सुनसान नर्सरी में ले जाकर की दरिंदगी

एफआईआर में दर्ज विवरण के अनुसार, वारदात 21 सितंबर की शाम करीब 7:30 बजे की है, जब पीड़िता शंभू दयाल बाग के निकट आस्था कुंज पार्क के गेट नंबर-8 से अपने परिचित के साथ भीतर दाखिल हुई थी। वहां घात लगाए बैठे तीनों आरोपियों ने उन्हें देखते ही रोक लिया और खुद को दिल्ली पुलिस का जवान बताकर पूछताछ के नाम पर डराना-धमकाना शुरू कर दिया।

इसके बाद आरोपियों ने पीड़िता और उसके साथी को जबरन अलग-अलग कर दिया। आरोपी किशोरी को खींचते हुए पार्क के एक अंधेरे और सुनसान हिस्से (नर्सरी क्षेत्र) में ले गए। पीड़िता ने जब चीखने और विरोध करने की कोशिश की, तो एक आरोपी ने सीधे उसकी गर्दन पर धारदार चाकू रख दिया और उसके साथ जमकर मारपीट की। जान से मारने का खौफ दिखाकर तीनों दरिंदों ने अलग-अलग बेंचों और झाड़ियों के पीछे किशोरी के साथ बारी-बारी से गैंगरेप किया और मुंह खोलने पर जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।

पीड़िता खुद पुलिस को लेकर पहुंची मौका-ए-वारदात, FSL ने जुटाए अहम साक्ष्य

खौफनाक सदमे के बावजूद पीड़िता ने अदम्य साहस दिखाते हुए न केवल पुलिस को तुरंत सूचना दी, बल्कि खुद पुलिस टीम की अगुवाई करते हुए आस्था कुंज पार्क के उसी सुनसान नर्सरी और बेंचों वाले हिस्से तक ले गई। पीड़िता की निशानदेही पर रोहिणी स्थित फॉरेंसिक साइंस लैबोरेट्री (FSL) और साउथ-ईस्ट जिला मोबाइल क्राइम टीम ने घटनास्थल का चप्पा-चप्पा खंगाला।

जांच अधिकारियों ने मौका-ए-वारदात से इस्तेमाल किए गए कंडोम और अन्य जैविक साक्ष्य बरामद किए हैं। पुलिस इन जैविक नमूनों से आरोपियों का डीएनए प्रोफाइल तैयार करवा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों के डीएनए सैंपल्स का घटनास्थल से मिले नमूनों से मिलान कराया जाएगा, जो अदालत में इन दरिंदों को सख्त सजा दिलाने के लिए सबसे अहम वैज्ञानिक साक्ष्य साबित होगा। पीड़िता ने आरोपियों के पहनावे—बैंगनी शर्ट, काले और लाल रंग के कपड़े—की भी सटीक पहचान कराई है।

LSR कॉलेज की 300 छात्राओं ने खोला मोर्चा, डार्क स्पॉट और सुरक्षा खामियों पर पुलिस को घेरा

आस्था कुंज पार्क में हुई इस दरिंदगी के बाद दक्षिण दिल्ली में महिला सुरक्षा को लेकर आक्रोश भड़क उठा है। गुरुवार को प्रतिष्ठित लेडी श्रीराम कॉलेज (LSR) की 300 से अधिक छात्राओं ने कॉलेज कैंपस में दिल्ली पुलिस के शीर्ष अधिकारियों के साथ 20 मिनट तक चली आपात बैठक में सुरक्षा व्यवस्था की धज्जियां उड़ाईं। छात्राओं ने सीधे तौर पर सवाल उठाया कि कॉलेज के आसपास असामाजिक तत्वों और मनचलों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे हर वक्त असुरक्षा का डर बना रहता है।

छात्राओं ने पुलिस के समक्ष कॉलेज के आसपास के 5 प्रमुख ‘डार्क स्पॉट’ (अंधेरे वाले रास्ते) उजागर किए और बताया कि नजदीकी रास्तों पर लगे कई सीसीटीवी (CCTV) कैमरे लंबे समय से बंद पड़े हैं। साथ ही पिंक बूथ और महिला पुलिसकर्मियों की गश्त न होने पर कड़ा विरोध दर्ज कराया।

DDA, MCD और PWD को पुलिस का अल्टीमेटम

छात्राओं के आक्रोश और आस्था कुंज की वारदात को गंभीरता से लेते हुए दिल्ली पुलिस ने दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA), दिल्ली नगर निगम (MCD) और लोक निर्माण विभाग (PWD) को आधिकारिक पत्र भेजा है। पुलिस ने इन एजेंसियों को छात्राओं द्वारा चिह्नित डार्क स्पॉट्स और खराब पड़े सीसीटीवी कैमरों की सूची सौंपते हुए तुरंत हाई-मास्ट लाइटें लगाने, पेड़ों की छंटाई करने और कैमरों को चालू करने का निर्देश दिया है। संवेदनशील इलाकों में पीसीआर गश्त बढ़ाने और पिंक बूथों को सक्रिय करने का आश्वासन भी दिया गया है।

Check Also

मुजफ्फरनगर में भाकियू नेता के इकलौते बेटे की हत्या: जन्मदिन पार्टी में गया था LLB छात्र, खेत की नाली में मिला शव; एनकाउंटर की मांग पर अड़े परिजन, अखिलेश ने उठाए सवाल

मुजफ्फरनगर जनपद के पुरकाजी थाना क्षेत्र में भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के जिला सचिव एवं …