Tuesday , 28 July 2026

एशिया कप : भारत ने पाक को 7 विकेट से हराया…पाकिस्तानी खिलाड़ियों से नहीं मिलाया हाथ, जानिए क्या है वजह

भारत ने एशिया कप के छठे मैच में पाकिस्तान को 7 विकेट से हरा दिया। टीम ने 128 रन का टारगेट 16वें ओवर में 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया। पाकिस्तान ने दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनी और 9 विकेट खोकर 127 रन बनाए।

मैच जीतने के बाद भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों के साथ हाथ नहीं मिलाया। इससे पहले टॉस के बाद भी कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा से हाथ नहीं मिलाया था। पहलगाम आतंकी हमले और उसके बाद हुए ऑपरेशन सिंदूर के बाद यह भारत भारत-पाकिस्तान क्रिकेट मैच था।

ग्रुप-ए के इस मुकाबले में भारतीय गेंदबाजों ने पावरप्ले से ही दवाब बनाया और आखिरी तक पाकिस्तानी बैटर्स को उबरने का मौका नहीं दिया। साहिबजादा फरहान (40 रन) और शाहीन अफरीदी (33 रन) के अलावा कोई बल्लेबाज खास प्रदर्शन नहीं कर सका। कुलदीप यादव ने 3 विकेट झटके। जसप्रीत बुमराह और अक्षर पटेल को 2-2 विकेट मिले। एक-एक विकेट हार्दिक पंड्या और वरुण चक्रवर्ती के खाते में आया।

भारतीय टीम की ओर से ओपनर अभिषेक शर्मा और तिलक वर्मा ने 31-31 रन की पारियां खेलीं। जबकि कप्तान सूर्यकुमार यादव ने नाबाद 47 रन बनाए। सूर्या-तिलक के बीच तीसरे विकेट के लिए 56 रनों की अहम साझेदारी हुई। पाकिस्तान से सईम अयूब ने तीनों विकेट लिए।

इस जीत के साथ भारत पॉइंट्स टेबल में टॉप पर कायम है और टीम के सुपर-4 में पहुंचने के चांस भी बढ़ गए। वहीं पाकिस्तान को अगले राउंड में एंट्री करनी है तो UAE के खिलाफ आखिरी मैच जीतना ही होगा।

टी-20 वर्ल्ड कप में हुई थी आखिरी भिड़ंत

इन दोनों टीमों के बीच आखिरी भिड़ंत अमेरिका में हुए टी-20 वर्ल्ड कप में हुई थी। तब भारतीय टीम सिर्फ 119 रन बनाने के बावजूद 6 रन से मैच जीत गई थी। इस वर्ल्ड कप के बाद विराट कोहली, रोहित शर्मा और रवींद्र जडेजा जैसे दिग्गज भारतीय खिलाड़ियों ने रिटायरमेंट ले लिया। इसके बावजूद भारतीय टीम का प्रदर्शन और भी बेहतर हो गया। टीम ने तब से अब तक अपने 86% टी-20 मैच जीते।

दूसरी ओर पाकिस्तान ने प्रदर्शन में सुधार की उम्मीद में बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान जैसे खिलाड़ियों को टीम से बाहर कर दिया। इसके बावजूद टीम का स्तर लगातार गिरता गया। पाकिस्तान पिछले टी-20 वर्ल्ड कप के बाद से सिर्फ 50% मैच जीत पाया है।

पहलगाम के पीड़ितों के साथ हैं हम, सेना को जीत समर्पित, पाकिस्तान को हराने के बाद भावुक हुए सूर्यकुमार यादव

भारतीय टीम ने पाकिस्तान के खिलाफ एशिया कप 2025 में एकतरफा जीत हासिल की। पहले खेलते हुए पाकिस्तान ने 127 रन बनाए। जवाब में भारतीय टीम ने 3 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। इस मैच का भारत में काफी विरोध हो रहा था। इसी साल अप्रैल में पहलगाम में पाकिस्तानी आतंकियों ने 26 निर्दोष लोगों की हत्या कर दी थी। इसके बाद भारत ने ऑपरेशन सिंदूर चलाया था। दोनों देशों के बीच युद्ध जैसी स्थिति बन गई थी।

सूर्यकुमार यादव ने बयान से जीता दिल

भारतीय टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पोस्ट मैच इंटरव्यू में अपने बयान से सभी का दिल जीत लिया। उन्होंने इस जीत को सुरक्षा बलों के समर्पित किया और साथ ही पहलगाम आंतकी हमले के पीड़ितों के साथ खड़े होने की बात कही। सूर्या ने कहा, ‘बस कुछ कहना चाहता था। यह बिलकुल सही मौका है, हम पहलगाम आतंकी हमले के पीड़ितों के परिवारों के साथ खड़े हैं। हम अपनी एकजुटता व्यक्त करते हैं।’

भारतीय कप्तान ने आगे बात करते हुए कहा- इस जीत को हमारे सभी सशस्त्र बलों को समर्पित करना चाहते हैं जिन्होंने अदम्य साहस दिखाया। आशा है कि वे हमें प्रेरित करते रहेंगे और जब भी हमें मौका मिले, हम उन्हें मैदान पर मुस्कुराने का और भी कारण देंगे।

कप्तान सूर्या का बर्थडे भी

भारतीय टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव का बर्थडे भी था। उन्होंने इसपर कहा कि यह जीत सुखद अहसास है और यह जीत मेरी तरफ से भारत को बेहतरीन ‘रिटर्न गिफ्ट’ है। मैं हमेशा कोशिश करता हूं कि अंत तक क्रीज पर बना रहूं और आज मैच समाप्त कर खुश हूं।’

सूर्या ने छक्का लगाकर मैच को फिनिश किया। पहले बैटिंग करते हुए पाकिस्तान ने 9 विकेट पर 127 रन बनाए। भारतीय टीम ने मुकाबले को 16वें ओवर में जीत लिया। कप्तान सूर्या के बल्ले से सबसे ज्यादा 47 रन निकले। उन्होंने छक्का लगाकर मैच को फिनिश किया।

मैच से पहले BCCI ने जारी किया यह वीडियो

Check Also

भर्ती परीक्षाओं में सेंधमारी पर लगेगा फुलस्टॉप: पेपर लीक रोधी नए कानून पर लोकसभा में मंथन आज, 10 साल तक की जेल और 10 करोड़ जुर्माने का प्रावधान

नई दिल्ली। देश भर के करोड़ों युवाओं और प्रतियोगी परीक्षार्थियों के भविष्य से खिलवाड़ करने …