
सोशल मीडिया पर उपजे प्यार और जल्दबाजी में लिए गए फैसलों की परिणति कई बार खौफनाक मोड़ पर लाकर छोड़ देती है। उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के साढ़ थाना क्षेत्र से एक ऐसा ही दिल दहला देने वाला मामला प्रकाश में आया है। इंस्टाग्राम पर रील्स और चैटिंग से शुरू हुई प्रेम कहानी कोर्ट मैरिज तक तो पहुंची, लेकिन महज दो महीने में ही दांपत्य का यह सपना खौफनाक यातना में तब्दील हो गया। पहली शादी तोड़कर प्रेमी का दामन थामने वाली महिला ने अब अपने दूसरे पति पर देह व्यापार व शारीरिक शोषण कराने और मारपीट कर लावारिस छोड़ जाने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता रोती-बिलखती थाने पहुंची और पुलिस से न्याय व सुरक्षा की गुहार लगाई।
बांदा में हुई थी पहली शादी, सोशल मीडिया पर साढ़ के युवक से हुआ प्यार
पीड़िता के अनुसार, उसके माता-पिता ने उसका विवाह बांदा जनपद में कराया था। शादीशुदा जिंदगी के बीच महिला का संपर्क सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के जरिए कानपुर के साढ़ क्षेत्र निवासी एक युवक से हुआ। शुरुआत में दोनों के बीच सामान्य बातचीत हुई, जो धीरे-धीरे घंटों चलने वाली चैटिंग और कॉल में बदल गई। युवक ने महिला को अपने प्रेम जाल में फांस लिया और नए जीवन के हसीन सपने दिखाने लगा। प्रेम में अंधी होकर महिला ने अपनी पहली शादी को पूरी तरह दरकिनार कर दिया और युवक के साथ नई दुनिया बसाने की खातिर कानूनी तौर पर कोर्ट मैरिज कर ली।
दो माह बाद सूरत में शुरू हुआ टॉर्चर, शारीरिक शोषण का घिनौना आरोप
महिला ने अपनी लिखित शिकायत में बताया कि विवाह के शुरुआती दो महीने तक पति का बर्ताव बिल्कुल ठीक रहा। इसके बाद वह बेहतर जिंदगी और काम का झांसा देकर उसे गुजरात के सूरत शहर ले गया। सूरत पहुंचते ही पति का असली चेहरा बेनकाब हो गया। आरोप है कि वहां महिला को बंधक जैसी स्थिति में रखकर मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा। महिला ने यह रोंगटे खड़े कर देने वाला आरोप भी लगाया कि उसके पति ने गैर-मर्दों से उसका शारीरिक शोषण कराया और विरोध करने पर बेरहमी से मारपीट की।
फतेहपुर के बकेवर में बीच रास्ते छोड़ा, कहीं की न रही पीड़िता
लगातार हो रहे अत्याचारों के बाद बुधवार को आरोपी पति महिला को सूरत से वापस यूपी लाया और फतेहपुर जिले के बकेवर कस्बे के पास सड़क पर लावारिस हालत में छोड़कर मौके से फरार हो गया। पहली शादी टूट जाने और मायके वालों का साथ छूट जाने के कारण महिला के सामने अस्तित्व का संकट खड़ा हो गया। दर-दर की ठोकरें खाने के बाद बेसहारा पीड़िता आखिरकार शुक्रवार को कानपुर के साढ़ थाने पहुंची और आपबीती सुनाते हुए नामजद प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई।
पुलिस ने शुरू की जांच, तथ्यों के आधार पर होगी सख्त कार्रवाई
साढ़ थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिला द्वारा लगाए गए आरोप बेहद गंभीर हैं। मामला वैवाहिक रिश्ते से जुड़ा होने के साथ-साथ गंभीर प्रताड़ना और शोषण का है। पुलिस सर्विलांस और स्थानीय सूत्रों की मदद से आरोपी पति की तलाश में जुटी है। अफसरों का कहना है कि मामले की बारीकी से जांच की जा रही है और सामने आने वाले तथ्यों व चिकित्सीय परीक्षण के आधार पर कड़ी कानूनी धाराओं में कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
voice of india