Wednesday , 24 June 2026

आकाशीय बिजली की चपेट में आने से मां-बेटी की दर्दनाक मौत. ..इलाके में शोक की लहर

महोबा । उत्तर प्रदेश के महोबा में आकाशीय बिजली खेत पर कृषि कार्य कर रही मां बेटी पर मौत बनकर बरसी । तेज गड़गड़ाहट के बीच अचानक आकाशीय बिजली गिरने से खेत पर काम कर रही मां और बेटी की दर्दनाक मौत हो गई है ।सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया। मां-बेटी दोनों की एक साथ मौत होने से परिजनों में कोहराम मच गया जबकि घटना से इलाके में शोक की लहर दौड़ गई । परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

दरअसल पूरा मामला जनपद के महोबकंठ थाना क्षेत्र के गांव कंनकुआ का है जहां सोमवार को गांव की विधवा महिला सीतारानी पत्नी जयसिंह (50) अपनी बेटी ममता (30) पत्नी रमन के साथ खेत पर मूंगफली की फसल उखाड़ रही थी। जहां देर शाम अचानक मौसम का मिजाज बदल गया और गड़गड़ाहट के साथ तेज बारिश

शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए मां बेटी दोनों खेत पर लगे पेड़ के नीचे खड़ी हो गई। जहां आकाशीय बिजली की चपेट में आने से मां बेटी दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

मंगलवार को महोबकंठ थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि आकाशीय बिजली गिरने से मां बेटी की मौत की जानकारी मिली है। दोनों मृतकों के शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया है।

देर शाम तक नहीं पहुंचे घर

बताया जा रहा है कि देर शाम तक दोनों के घर न पहुंचने पर परिजनों ने खोजबीन की तो विधवा सीतारानी और उसकी बेटी ममता दोनों खेत पर अचेतावस्था में मिलीं। जहां दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना से पूरे गांव में शाम को चूल्हे तक नहीं जले हैं। घटना के बाद राजस्व निरीक्षक ने मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल कर परिजनों को ढांढस बंधाया है।

इलाके में शोक की लहर

मृतका सीतारानी के एक बेटा राहुल और बेटी ममता थी। सीतारानी के पति जयसिंह का सात साल पहले निधन हो चुका था जिसके कुछ दिन बाद इकलौते बेटे राहुल की भी मौत हो गई थी। तभी से बेटी ममता अपने पति रमन के साथ मायके में रह कर खेती-किसानी में हाथ बंटा अपनी मां की मदद करती थी।

Check Also

UP Coaching Centers Sealed: सीएम योगी के आदेश पर पूरे UP में महाअभियान, खान सर के कोचिंग सेंटर समेत 100 से ज्यादा संस्थान सील; बेसमेंट क्लासरूम पर बड़ा एक्शन

लखनऊ: लखनऊ के अलीगंज में हुए दर्दनाक अग्निकांड के बाद उत्तर प्रदेश सरकार एक्शन मोड …