Saturday , 18 April 2026

अकबरपुर कस्बा में सीवर टैंक हादसा, शोक की लहर : जहरीली गैस से तीन की मौत, एक की हालत गंभीर

-शटरिंग खोलने के लिए गड्ढे में उतरे थे मजदूर

कानपुर देहात। अकबरपुर कस्बे के कन्हैया नगर में रविवार को सीवर टैंक की शटरिंग खोलने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। निर्माणाधीन मकान के सीवर टैंक में गैस बनने से चार मजदूर बेहोश हो गए। उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। वहां डाक्टरों ने तीन को मृत घोषित किया।

कन्हैया नगर अकबरपुर निवासी रामनारायण संखवार के घर में हाल ही में सीवर टैंक बनाया गया था। रविवार को उसकी शटरिंग खोलने के लिए बिगाही गांव का मजदूर मुबीन (26) उतरा था। वह बेहोश हो गया तो उसे बचाने के लिए उसके गांव के ही सर्वेश कुशवाहा (26) व शटरिंग ठेकेदार अकबरपुर निवासी अमन गुप्ता (22) इसरार (30) भी टैंक में उतर गए। स्थानीय लोगों की मदद से चारों को बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया गया। वहां उपचार के दौरान डॉक्टरों ने मुबीन, सर्वेश और अमन को मृत घोषित कर दिया। वहीं इसरार की हालत फिलहाल गंभीर है। घटना की सूचना पर एसपी अरविंद मिश्र मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों से बातचीत कर जानकारी जुटाई। इसके बाद जिला अस्पताल पहुंचकर उन्होंने घायलों की स्थिति के बारे में जानकारी ली। संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एसपी ने बताया कि घटना बेहद दुखद है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे जा रहे हैं।
—–
परिजनों में कोहराम
इस घटना में दो मृतक सर्वेश और मुबीन एक ही गांव बिगाही के रहने वाले हैं। तीसरे मजदूर इसरार की हालत गंभीर बनी है। वह भी बिगाही गांव का रहने वाला है। घटना की सूचना पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। एसडीएम, सीओ, कोतवाल अकबरपुर व एसपी समेत जिले के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद का भरोसा दिया। मृतकों के परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। गांव में हर कोई इस घटना से आहत है।

Check Also

कानपुर में बवाल: चंपतनेवादा में आंबेडकर प्रतिमा क्षतिग्रस्त, पथराव के बाद पुलिस छावनी बना गांव; जानें क्या है पूरा मामला

कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर नगर स्थित बिल्हौर के ककवन थाना क्षेत्र में गुरुवार की …