Monday , 23 February 2026

ट्रंप का बड़ा धमाका: दुनिया भर के देशों पर लगाया 15% ग्लोबल टैरिफ, सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद और आक्रामक हुए अमेरिकी राष्ट्रपति

6999dde941f73 photo itg 213132462 16x9

वाशिंगटन। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर वैश्विक अर्थव्यवस्था में हड़कंप मचा दिया है। ट्रंप ने सभी देशों से होने वाले आयात पर लगाए गए 10% ‘ग्लोबल टैरिफ’ को बढ़ाकर अब 15% करने का ऐलान किया है। राष्ट्रपति ने यह कड़ा फैसला अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट के उस आदेश के तुरंत बाद लिया है, जिसमें उनके टैरिफ लगाने के अधिकारों पर सवाल उठाए गए थे। ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ के जरिए इस बढ़ोतरी की जानकारी साझा की है।

सुप्रीम कोर्ट के जजों पर बरसे ट्रंप, बताया ‘अमेरिका विरोधी’

ट्रंप का यह फैसला सुप्रीम कोर्ट के उस फैसले की प्रतिक्रिया माना जा रहा है, जिसमें कोर्ट ने कहा था कि राष्ट्रपति ने ‘इंटरनेशनल इमरजेंसी इकोनॉमिक पावर्स एक्ट’ (IEEPA) का गलत इस्तेमाल किया है। कोर्ट के अनुसार, यह एक्ट केवल राष्ट्रीय आपातकाल के लिए है, न कि मनमाने ढंग से टैरिफ थोपने के लिए। इस पर भड़कते हुए ट्रंप ने जजों को “पालतू कुत्ता” तक कह डाला और उनके फैसले को “बेतुका और अमेरिका विरोधी” करार दिया। ट्रंप ने स्पष्ट किया कि वह इन जजों से “बहुत शर्मिंदा” हैं जो उनके अनुसार संविधान के प्रति वफादार नहीं हैं।

‘ट्रुथ सोशल’ पर ट्रंप का एलान: जारी रहेगी अमेरिका को महान बनाने की प्रक्रिया

अपने पोस्ट में आक्रामक रुख अपनाते हुए ट्रंप ने लिखा, “दुनिया के कई देश दशकों से बिना किसी बदले के अमेरिका को लूट रहे हैं। सुप्रीम कोर्ट के खराब तरीके से लिखे गए फैसले के विस्तृत रिव्यू के बाद, मैं तुरंत प्रभाव से 10% वर्ल्डवाइड टैरिफ को बढ़ाकर 15% कर रहा हूं।” ट्रंप ने यह भी चेतावनी दी है कि आने वाले कुछ महीनों में उनका प्रशासन नए और कानूनी रूप से मंजूर टैरिफ की एक लंबी सूची जारी करेगा, जो ‘मेक अमेरिका ग्रेट अगेन’ (MAGA) के मिशन को और तेज करेगा।

भारत पर क्या होगा असर? वाणिज्य मंत्रालय रख रहा पैनी नजर

अमेरिका के इस कदम से भारत समेत दुनिया भर के निर्यातकों की चिंता बढ़ गई है। भारत के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय (Ministry of Commerce and Industry) ने इस मामले पर आधिकारिक बयान जारी कर कहा है कि वे अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट के फैसले और राष्ट्रपति ट्रंप की प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद पैदा हुई स्थितियों का बारीकी से अध्ययन कर रहे हैं। मंत्रालय के अनुसार, इन नए टैरिफ का भारतीय निर्यात और द्विपक्षीय व्यापार पर क्या असर पड़ेगा, इसका आकलन किया जा रहा है।

IEEPA और टैरिफ की कानूनी जंग

बता दें कि अप्रैल 2025 में ट्रंप ने IEEPA लागू करके भारी टैरिफ लगाए थे। कल आए सुप्रीम कोर्ट के फैसले ने ट्रंप के उन अधिकारों को चुनौती दी थी, जिसके बाद ट्रंप ने शुक्रवार को पहले 10% और अब इसे बढ़ाकर 15% कर दिया है। जानकारों का मानना है कि ट्रंप प्रशासन और न्यायपालिका के बीच यह टकराव आने वाले दिनों में वैश्विक बाजार में भारी अस्थिरता पैदा कर सकता है।

Check Also

Shikhar dhawan get married long time girlfriend sophie shine see pictures 1771686865235 16

गब्बर की नई पारी: शिखर धवन ने सोफी शाइन के साथ रचाई शादी…फैंस को दिया सरप्राइज; सामने आईं खास तस्वीरें

नई दिल्ली। टीम इंडिया के ‘गब्बर’ यानी शिखर धवन ने अपनी जिंदगी की दूसरी पारी …