Monday , 23 February 2026

कासगंज में ‘बुराड़ी’ जैसा खौफनाक मंजर: घर में मिले परिवार के 5 सदस्यों के शव, तीन दिन से बंद था घर…दुर्गंध आने पर खुला खौफनाक राज

102303633 243f13d8 984b 4afe baa9 822475f34119

कासगंज। उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले से एक ऐसी रूह कंपा देने वाली खबर सामने आई है, जिसने पूरे प्रदेश को स्तब्ध कर दिया है। अमांपुर कोतवाली क्षेत्र के एटा रोड पर स्थित एक बंद घर के भीतर से एक ही परिवार के पांच सदस्यों के शव बरामद हुए हैं। मृतकों में माता-पिता और उनके तीन मासूम बच्चे शामिल हैं। इस सामूहिक मौत की गुत्थी ने दिल्ली के चर्चित ‘बुराड़ी कांड’ की खौफनाक यादें ताजा कर दी हैं।

तीन दिन से बंद था घर, दुर्गंध आने पर खुला खौफनाक राज

जानकारी के मुताबिक, एटा रोड निवासी 50 वर्षीय श्यामवीर सिंह उर्फ सत्यवीर वेल्डिंग का काम करके अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। पिछले तीन दिनों से उसके घर में कोई हलचल नहीं देखी गई थी। शनिवार देर शाम जब घर से तेज दुर्गंध आने लगी, तो पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब दरवाजा तोड़ा, तो अंदर का मंजर देख अधिकारियों के भी होश उड़ गए। कमरे के भीतर बिखरी लाशें और पसरा सन्नाटा किसी बड़ी अनहोनी की गवाही दे रहा था।

फंदे पर लटका मिला मुखिया, बिस्तर पर पड़े थे मासूम

पुलिस जब घर के भीतर दाखिल हुई, तो सत्यवीर का शव फंदे से लटकता पाया गया। वहीं, उसकी पत्नी शीला (48), दो बेटियां आकांक्षा (10) व प्राची (12) और बेटा ग्रीस (8) बिस्तर पर मृत अवस्था में पड़े थे। घर पिछले तीन दिनों से भीतर से बंद था, जिससे यह अंदेशा लगाया जा रहा है कि यह वारदात काफी पहले अंजाम दी जा चुकी थी। घटना की जानकारी मिलते ही जिले के आला अधिकारी, एसपी और डीएम मौके पर पहुंचे और मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी है।

हत्या या सामूहिक सुसाइड? उलझी मौत की गुत्थी

प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि सत्यवीर ने पहले अपनी पत्नी और तीनों बच्चों को खाने में कोई जहरीला पदार्थ दिया या फिर सोते समय उनका गला घोंटकर हत्या की, और उसके बाद खुद फांसी लगाकर जान दे दी। हालांकि, मौके से अभी तक कोई सुसाइड नोट बरामद होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि मौत जहर से हुई है या गला दबाने से।

FSL टीम ने जुटाए सबूत, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

घटनास्थल पर फॉरेंसिक (FSL) टीम को बुलाकर वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए गए हैं। पुलिस मर्डर और सुसाइड दोनों एंगल से मामले की पड़ताल कर रही है। क्या परिवार किसी आर्थिक तंगी से गुजर रहा था या कोई आपसी कलह थी, पुलिस इन सभी बिंदुओं पर रिश्तेदारों और पड़ोसियों से पूछताछ कर रही है। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे अमांपुर कस्बे में मातम पसरा हुआ है और हर कोई इस सामूहिक मौत के पीछे की असली वजह जानना चाहता है।


 

Check Also

Shikhar dhawan get married long time girlfriend sophie shine see pictures 1771686865235 16

गब्बर की नई पारी: शिखर धवन ने सोफी शाइन के साथ रचाई शादी…फैंस को दिया सरप्राइज; सामने आईं खास तस्वीरें

नई दिल्ली। टीम इंडिया के ‘गब्बर’ यानी शिखर धवन ने अपनी जिंदगी की दूसरी पारी …