गुरुग्राम: हरियाणा के हाईटेक शहर गुरुग्राम से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक 19 वर्षीय छात्रा के साथ उसके लिव-इन पार्टनर ने न केवल बेरहमी से मारपीट की, बल्कि उसे बंधक बनाकर दुष्कर्म की वारदात को भी अंजाम दिया। पीड़िता की हालत इतनी नाजुक है कि उसे इलाज के लिए दिल्ली के एम्स (AIIMS) में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है।
शक और विवाद के बाद हैवान बना लिव-इन पार्टनर
जानकारी के मुताबिक, त्रिपुरा की रहने वाली 19 वर्षीय पीड़िता गुरुग्राम की एक निजी यूनिवर्सिटी में पढ़ाई कर रही है। सितंबर 2025 में उसकी मुलाकात दिल्ली निवासी आरोपी से हुई थी। दोनों के बीच दोस्ती हुई और फिर वे बादशाहपुर इलाके के एक पेइंग गेस्ट (PG) में लिव-इन रिलेशनशिप में रहने लगे। युवती का आरोप है कि आरोपी उस पर शक करता था और उसकी हर गतिविधि पर नजर रखता था। इसी बात को लेकर 19 फरवरी को दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपी ने सारी हदें पार कर दीं।
मां की कॉल के बाद पुलिस ने पीजी से किया रेस्क्यू
इस खौफनाक वारदात का खुलासा तब हुआ जब युवती की मां ने 19 फरवरी को बादशाहपुर थाने में फोन कर अपनी बेटी के संकट में होने की जानकारी दी। उन्होंने पुलिस को बताया कि आरोपी ने उनकी बेटी को पीजी के कमरे में बंधक बना रखा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवती को छुड़ाया। रेस्क्यू के दौरान पुलिस यह देखकर दंग रह गई कि युवती के शरीर पर न केवल चोट के गहरे घाव थे, बल्कि उसे सिगरेट या किसी अन्य गर्म चीज से जलाया भी गया था।
एम्स में जिंदगी की जंग लड़ रही छात्रा
गंभीर रूप से घायल छात्रा को पहले सेक्टर-10 के सिविल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसकी बिगड़ती हालत और शरीर पर मिले जख्मों को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे तुरंत दिल्ली के एम्स (AIIMS) रेफर कर दिया। फिलहाल पीड़िता वहां उपचाराधीन है और उसकी स्थिति पर डॉक्टरों की टीम नजर रखे हुए है।
शादी की चल रही थी बात, अब आरोपी सलाखों के पीछे
पुलिस की पूछताछ में यह चौंकाने वाला तथ्य सामने आया कि दोनों परिवारों को इस रिश्ते की जानकारी थी और उनके बीच शादी को लेकर भी बातचीत चल रही थी। पुलिस प्रवक्ता एएसआई संदीप तुरान ने बताया कि आरोपी को दिल्ली से गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि युवती को कितने समय तक बंधक बनाकर रखा गया और क्या इस दौरान उसे अन्य तरह की प्रताड़ना भी दी गई।
इन धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा
पीड़िता के बयानों और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर बादशाहपुर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत अपहरण, बंधक बनाना, मारपीट और दुष्कर्म का मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने के लिए पुख्ता सबूत जुटाए जा रहे हैं।
voice of india
