प्रयागराज/वाराणसी: रंगों के त्योहार होली (Holi 2026) पर घर जाने वाले यात्रियों के लिए रेलवे ने बड़ी राहत दी है। मुंबई, पुणे और दिल्ली जैसे महानगरों से उत्तर प्रदेश और बिहार की ओर उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने 9 जोड़ी होली विशेष ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया है। ये ट्रेनें प्रयागराज, वाराणसी, गाजीपुर, गोरखपुर और दानापुर जैसे प्रमुख स्टेशनों को कवर करेंगी। यात्रियों की सुविधा के लिए कुछ ट्रेनों के समय और दिनों में भी बदलाव किया गया है।
मुंबई और पुणे से चलेंगी ये प्रमुख होली स्पेशल ट्रेनें
रेलवे ने महानगरों से आने वाले प्रवासियों के लिए लंबी दूरी की कई ट्रेनें शुरू की हैं:
-
लोकमान्य तिलक (LTT)–बनारस साप्ताहिक स्पेशल (01073/01074): यह ट्रेन LTT से 25, 26 फरवरी और 4, 5 मार्च को चलेगी। वापसी में बनारस से 27, 28 फरवरी और 6, 7 मार्च को रवाना होगी। यह झांसी, कानपुर, प्रयागराज और इटारसी होकर जाएगी।
-
पुणे–गाजीपुर सिटी–पुणे द्विसाप्ताहिक (01431/01432): पुणे से यह गाड़ी 24 व 27 फरवरी और 3 व 6 मार्च (शुक्रवार और मंगलवार) को चलेगी। वापसी में गाजीपुर सिटी से 26 फरवरी, 1, 5 और 8 मार्च को चलेगी। इसमें कुल 18 कोच होंगे।
-
मुंबई–गोरखपुर प्रतिदिन स्पेशल (01079/01080): CSMT से गोरखपुर के बीच यह ट्रेन 21 फरवरी से 10 मार्च तक रोजाना चलेगी। यह लखनऊ और कानपुर होकर गुजरेगी।
-
पुणे–गोरखपुर प्रतिदिन स्पेशल (01415/01416): यह ट्रेन 21 फरवरी से 9 मार्च तक नियमित सेवा देगी।
बिहार जाने वालों के लिए खास इंतजाम
बिहार के यात्रियों के लिए पुणे और मुंबई से दानापुर और समस्तीपुर के लिए विशेष फेरे लगाए जाएंगे:
-
पुणे–दानापुर साप्ताहिक (01481/01482): यह ट्रेन प्रयागराज छिवकी के रास्ते 4 फेरे लगाएगी।
-
LTT–दानापुर प्रतिदिन (01143/01144): 21 फरवरी से 9 मार्च तक संचालित।
-
LTT–समस्तीपुर साप्ताहिक (01043/01044): यह ट्रेन कुल दो फेरे लगाएगी।
-
पुणे–दानापुर प्रतिदिन अतिरिक्त (01449/01450): 21 फरवरी से 10 मार्च तक छिवकी स्टेशन पर ठहराव के साथ चलेगी।
पुणे–गाजीपुर सिटी स्पेशल: पूरा टाइम टेबल और रूट
पूर्वोत्तर रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी के अनुसार, गाड़ी संख्या 01431 पुणे से सुबह 06:40 बजे चलकर मनमाड, भुसावल, इटारसी, कटनी, सतना, प्रयागराज छिवकी (10:25 बजे) और वाराणसी (15:40 बजे) होते हुए शाम 19:05 बजे गाजीपुर सिटी पहुंचेगी।
वापसी में गाड़ी संख्या 01432 गाजीपुर सिटी से सुबह 04:20 बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन शाम 16:20 बजे पुणे पहुंचेगी।
दिल्ली और अन्य रूटों पर भी बदलाव
-
नई दिल्ली–खुर्दा रोड वनवे स्पेशल (04084): 21 फरवरी को गया, टाटानगर और भुवनेश्वर के रास्ते एक फेरा लगाएगी।
-
आनंद विहार–खुर्दा रोड (04066): इस ट्रेन के संचालन की तारीखों में आंशिक संशोधन किया गया है।
-
प्रयागराज–मानिकपुर (04123): इसके प्रस्थान समय में बदलाव हुआ है। अब यह प्रयागराज से बुधवार और रविवार को दोपहर 15:25 बजे रवाना होगी।
यात्रियों के लिए सलाह: रेलवे प्रशासन ने अपील की है कि त्योहार के दौरान भारी भीड़ को देखते हुए यात्री ट्रेन नंबर, तारीख और समय की पुष्टि आधिकारिक वेबसाइट या ‘139’ हेल्पलाइन नंबर से जरूर कर लें।
voice of india
