Breaking News

उत्तर भारत में पांच दिनों तक जारी रहेगा घना कोहरा, जानिए क्या है मौसम का ताजा अपडेट

दिल्ली (ईएमएस)। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा कि अगले 4-5 दिनों के दौरान उत्तर भारत में घने कोहरे की स्थिति जारी रहने की संभावना है, जबकि अगले तीन दिनों के दौरान उत्तर भारत में अधिक ठंडे दिन की स्थिति बनी रहने और उसके बाद तीव्रता में कमी आने की संभावना है। आईएमडी ने अपने दैनिक बुलेटिन में कहा कि उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में समुद्र तल से 12.6 किमी ऊपर 130-150 समुद्री मील की जेट स्ट्रीम हवाएं चल रही हैं। आईएमडी ने कहा, इससे ठंडी हवाएं नीचे आ रही हैं और उत्तर भारत में ठंडे दिन की स्थिति बढ़ रही है। अगले 3-4 दिनों के दौरान जेट स्ट्रीम की इसी तरह की तीव्रता जारी रहने की संभावना है। ताजा पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से गुरुवार से रविवार तक पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में छिटपुट बारिश/बर्फबारी होने की संभावना है।

आईएमडी ने चेतावनी दी कि पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में शनिवार सुबह के लिए घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। सोमवार रात और शनिवार सुबह के बीच दिल्ली में अलग-अलग स्थानों पर घने कोहरे की स्थिति होने की संभावना है। राजस्थान के अलग-अलग हिस्सों में शुक्रवार सुबह तक और उत्तरी मध्य प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बुधवार सुबह के लिए घने कोहरे की स्थिति बने रहने की संभावना है। आईएमडी ने कहा, अगले पांच दिनों के दौरान देश के बाकी हिस्सों में न्यूनतम तापमान में कोई महत्वपूर्ण बदलाव होने की संभावना नहीं है। मंगलवार तक पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और उत्तरी राजस्थान के अलग-अलग इलाकों में शीत लहर चलने की संभावना है।

Check Also

गरीब, अन्नदाता किसान, युवा और महिला उत्थान को समर्पित यूपी का बजट : मुख्यमंत्री योगी

चार नये एक्सप्रेस-वे के निर्माण का प्राविधानश्रीबांके बिहारी जी मंदिर मथुरा-वृन्दावन कॉरिडोर के निर्माण व …