Sunday , 7 December 2025

SIR ड्यूटी में लगे टीचर ने जहर खाकर दी जान…मरने से पहले पत्नी से बोले- SDM-BDO कर रहे थे. …

यूपी के गोंडा में मतदाता पुनरीक्षण कार्य (SIR) में लगे टीचर BLO ने जहर खाकर जान दे दी। मंगलवार सुबह करीब साढ़े 7 बजे जहर खाने के बाद विपिन यादव को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। फिर वहां से लखनऊ के केजीएमयू रेफर कर दिया गया। वहां उनकी मौत हो गई।

BLO विपिन यादव को गोंडा से एसडीएम सदर अशोक कुमार खुद लेकर लखनऊ के ट्रॉमा सेंटर पहुंचे। विपिन की हालत बेहद गंभीर थी। इसीलिए लखनऊ पहुंचने से पहले ही प्रशासनिक स्तर पर BLO के इलाज के लिए तैयारी दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए थे।

स्वास्थ्य महकमे के भी कई अफसर ट्रॉमा सेंटर पहुंच गए थे। इस बीच जब BLO विपिन यादव को ट्रॉमा सेंटर लाया गया, तो डॉक्टरों ने करीब आधे घंटे तक उनको रिवाइव करने की कोशिश की। बाद में डॉक्टरों ने ‘ब्रॉट डेट’ घोषित कर दिया। वहीं, टीचरों की नाराजगी को देखते हुए लखनऊ में KGMU के अंदर भारी पुलिस फोर्स तैनात किया गया। बाद में शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। विसरा सुरक्षित कर लिया गया। देर शाम परिवार वाले शव लेकर अपने गांव रवाना हो गए।

वहीं, मरने से पहले BLO विपिन यादव की पत्नी सीमा यादव ने एक वीडियो जारी किया। जिसमें BLO विपिन यादव ने तरबगंज SDM, नवाबगंज BDO और लेखपाल पर परेशान करने का आरोप लगाया। हालांकि, DM प्रियंका निरंजन ने इन आरोपों को गलत बताया था।

BLO ने कहा- SDM-BDO से परेशान होकर जहर खाया

घटना के बाद सोशल मीडिया पर BLO का एक वीडियो सामने आया। इसमें आरोप लगाया कि मतदाता सूची पुनरीक्षण में तरबगंज SDM, नवाबगंज BDO और लेखपाल से परेशान होकर मैंने जहर खाया। वीडियो में BLO की पत्नी उनसे सवाल करते दिख रही। हालांकि इस वीडियो की पुष्टि दैनिक भास्कर नहीं करता।

वीडियो सामने आने के बाद DM प्रियंका निरंजन ने दबाव का आरोप गलत बताया था। उनका कहना है कि BLO पारिवारिक समस्याओं की वजह से तनाव में थे। इसी कारण उन्होंने ये कदम उठाया। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।

डॉक्टरों के अनुसार, BLO के पूरे शरीर में जहर फैल गया था। सांस लेने में दिक्कत हो रही थी, इसके चलते सीपीआर दिया गया था। घटना जिला मुख्यालय से 40 किलोमीटर दूर तरबगंज थाना क्षेत्र के जैतपुर माझा की है।

तस्वीरें देखिए…

यह BLO विपिन यादव हैं, जिन्होंने SDM-BDO और लेखपाल पर गंभीर आरोप लगाते हुए जान दी है।
यह BLO विपिन यादव हैं, जिन्होंने SDM-BDO और लेखपाल पर गंभीर आरोप लगाते हुए जान दी है।
विपिन के शव को पोस्टमॉर्टम के बाद एंबुलेंस से जौनपुर ले जाया गया।
विपिन के शव को पोस्टमॉर्टम के बाद एंबुलेंस से जौनपुर ले जाया गया।
शव जौनपुर ले जाने के दौरान अफसरों ने विपिन की पत्नी सीमा यादव को अपने साथ बैठाया।
शव जौनपुर ले जाने के दौरान अफसरों ने विपिन की पत्नी सीमा यादव को अपने साथ बैठाया।
चाचा विपिन का शव लेने जौनपुर से उनका भतीजा भी पहुंचा।
चाचा विपिन का शव लेने जौनपुर से उनका भतीजा भी पहुंचा।
इस पूरे मामले में गोंडा के SDM सदर अशोक कुमार परिवार के साथ रहे।
इस पूरे मामले में गोंडा के SDM सदर अशोक कुमार परिवार के साथ रहे।

 

सिलसिलेवार पढ़िए पूरा मामला…

जौनपुर के मल्हनी गांव में रहने वाले विपिन यादव गोंडा के जैतपुर माझा स्थित सरकारी स्कूल में असिस्टेंट टीचर थे। विपिन अपनी पत्नी सीमा यादव के साथ जैतपुर माझा में ही किराए के मकान में रहते थे।

सीमा यादव ने बताया- विपिन की मतदाता पुनरीक्षण कार्य में ड्यूटी लगाई गई। अधिकारी काम को लेकर लगातार दबाव बना रहे थे। इसके चलते पति पिछले काफी समय से परेशान थे। इसी मानसिक दबाव के चलते उन्होंने मंगलवार सुबह 7 बजे अपने रूम में ही जहर खा लिया।

विपिन को गोनार हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। वहां से गोंडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। उसके पूरे शरीर में जहर फैल चुका था। सांस लेने में भी दिक्कत हो रही थी। हालत में सुधार न होने पर लखनऊ के केजीएमयू रेफर किया गया था।

इस दौरान गोंडा मेडिकल कॉलेज में ही पत्नी सीमा यादव ने मोबाइल से वीडियो बनाकर शेयर किया था। इसमें विपिन ने SIR के काम को लेकर तरबगंज SDM विश्वामित्र सिंह, नवाबगंज BDO रवि गुप्ता और लेखपाल पर लगातार दबाव बनाने और अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया है।

अब गोंडा से 3 तस्वीरें

गोंडा के मेडिकल कॉलेज में हालत बिगड़ने पर BLO विपिन यादव को सीपीआर दिया गया। लेकिन, उनकी लखनऊ में मौत हो गई।
गोंडा के मेडिकल कॉलेज में हालत बिगड़ने पर BLO विपिन यादव को सीपीआर दिया गया। लेकिन, उनकी लखनऊ में मौत हो गई।
BLO का हाल जानने के लिए डीएम और सीएमओ भी गोंडा मेडिकल कॉलेज पहुंचे थे।
BLO का हाल जानने के लिए डीएम और सीएमओ भी गोंडा मेडिकल कॉलेज पहुंचे थे।
डीएम ने कहा- काम को लेकर कोई दबाव नहीं था। पारिवारिक तनाव में जहर खाया। पत्नी की ही भूमिका संदिग्ध लग रही।
डीएम ने कहा- काम को लेकर कोई दबाव नहीं था। पारिवारिक तनाव में जहर खाया। पत्नी की ही भूमिका संदिग्ध लग रही।

 

डीएम बोलीं- दबाव नहीं, पारिवारिक तनाव में खाया जहर, पत्नी पर शक

घटना की सूचना मिलते ही जिला निर्वाचन अधिकारी (डीएम) प्रियंका निरंजन, सदर SDM अशोक कुमार और CMO डॉ. रश्मि वर्मा गोंडा मेडिकल कॉलेज पहुंचे और विपिन यादव का हाल जाना था।

डीएम प्रियंका निरंजन ने दबाव के आरोपों को खारिज करते हुए कहा- यह मामला पारिवारिक तनाव से जुड़ा है। मतदाता पुनरीक्षण को लेकर किसी प्रकार का दबाव नहीं बनाया गया था। विपिन यादव को बयान देने के लिए कुछ लोगों ने उकसाया था। पत्नी सीमा यादव की भूमिका संदिग्ध लग रही। इसकी भी जांच कराई जा रही।

डीएम ने बताया- विपिन के बूथ पर 700 मतदाता थे। 350 गणना प्रपत्र वह भर चुके थे। काम सही ढंग से चल रहा था, कोई दबाव नहीं था। डीएम ने बताया कि विपिन को BLO ड्यूटी से हटा दिया गया है।

डीएम प्रियंका निरंजन का कहना है कि BLO विपिन कुमार यादव सुबह 7:30 बजे घर से निकले थे। रास्ते में उनकी तबीयत खराब हो गई थी। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें गोनार्द हॉस्पिटल में भर्ती कराया। वहां से उन्हें गोंडा के जिला अस्पताल भेजा गया था।

वीडियो में विपिन ने एसडीएम, बीडीओ और लेखपाल पर मतदाता पुनरीक्षण वर्क के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाया है।
वीडियो में विपिन ने एसडीएम, बीडीओ और लेखपाल पर मतदाता पुनरीक्षण वर्क के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाया है।

 

पिता बोले- बेटे को प्रताड़ित किया जा रहा था

पिता सुरेश यादव ने बताया- बेटे विपिन यादव ने मंगलवार सुबह फोन कर बताया था अधिकारी उस पर काम के लिए दबाव बना रहे हैं। फटकार भी लगाई है। सुबह करीब 10 बजे सूचना मिली कि विपिन की तबीयत बहुत खराब हो गई है। इलाज के लिए लखनऊ ले गए हैं। दोपहर करीब दो बजे इलाज के दौरान विपिन को मृत घोषित कर दिया गया।

विपिन उनका बड़ा बेटा था। परिवार में उसका 4 साल का बेटा है। पत्नी गोंडा में ही रहती हैं। विपिन का एक छोटा भाई सचिन है। उसकी शादी हो चुकी है। बहन की भी शादी हो चुकी है। पिता ने सुरेश ने विभागीय अफसरों पर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाते जांच कर कार्रवाई की मांग की है। मंगलवार शाम 4 बजे परिवार लखनऊ के लिए रवाना हो गया।

ADM बोले- पूरी घटना की जांच करा रहे अपर जिलाधिकारी (ADM) आलोक कुमार ने बताया- विपिन यादव आज सुबह घर से निकले थे। तभी अचानक उनकी तबीयत खराब हो गई। उनके सहयोगियों ने उन्हें तुरंत नवाबगंज के गोनर्द अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार किया गया।

अधिकारियों को जानकारी मिलते ही उन्हें गोंडा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों ने उन्हें लखनऊ के KGMU रेफर कर दिया। जब अधिकारी उन्हें लेकर KGMU पहुंचे, तो वहां डॉक्टरों ने बताया कि उनकी मौत हो चुकी है।

विपिन यादव की मौत से पहले सामने आए वीडियो के बारे में ADM आलोक कुमार ने कहा कि पूरी घटना की जांच के लिए DM द्वारा मुख्य राजस्व अधिकारी महेश प्रकाश और अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी राधेश्याम राय के नेतृत्व में एक जांच कमेटी बनाई गई है। कमेटी सभी बिंदुओं पर जांच करेगी। वायरल वीडियो में किए गए दावों की भी जांच कराई जा रही है।

वहीं, विपिन यादव के शव का पोस्टमॉर्टम लखनऊ में कराया गया। इसके बाद परिवार वाले शव लेकर अपने गांव रवाना हो गए। वहीं, उनका परिवार की इच्छा के अनुसार अंतिम संस्कार किया जाएगा। वे प्राथमिक विद्यालय जैतपुर माझा में सहायक अध्यापक के पद पर तैनात थे और खेमपुर ग्राम पंचायत में बीएलओ की ड्यूटी कर रहे थे।

Check Also

एयरपोर्ट पर तनाव चरम पर, हंगामे और मारपीट से मचा हड़कंप…कोई रोया, किसी ने किया बवाल

क्रू मेंबर की कमी का सामना कर रही इंडिगो एयरलाइन की फ्लाइट्स कैंसिल होने से …