जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे पर शुक्रवार सुबह जापान के ही नारा शहर में हमला हुआ। एक चुनावी कैंपने के दौरान किसी ने उन्हें दो गोली मार दी। उनकी हालत को लेकर अलग-अलग जानकारियां आ रही हैं।
जापानी मीडिया के मुताबिक, आबे के दिल ने काम करना बंद कर दिया। सांस लेने में दिक्कत हो रही है। बाकी अंग भी काम नहीं कर रहे हैं। उधर न्यूज एजेंसी एएफपी ने उनकी मौत हो जाने की आशंका जताई है।
आबे पर फायरिंग उस वक्त की गई, जब वे चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान फायरिंग की आवाज हुई और आबे अचानक गिर पड़े। शुरुआती रिपोर्ट में खबर आई कि किसी ने उन्हें सीने पर गोली मार दी। हालांकि बाद में ये साफ हुआ कि उन्हें पीछे से दो गोली मारी गईं है।
आबे का इलाज नारा मेडिकल यूनिवर्सिटी हॉस्पिटल में चल रहा है। प्रधानमंत्री फुमिओ किशिदा उन्हें देखने के लिए पहुंचे हैं।
पुलिस ने हमले वाली जगह से 42 साल के हमलावर को गिरफ्तार किया है। उसके पास से गन बरामद हुई है। हालांकि अब तक हमले की वजह का पता नहीं चल पाया है।
जापानी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, गोली लगने के बाद शिंजो को दिल का दौरा भी पड़ा। हालांकि, अभी इसके बारे में आधिकारिक बयान नहीं आया है। चश्मदीदों के मुताबिक, मौके पर गोली चलने की आवाज सुनाई दी और आबे के शरीर से खून बहता दिखा।
सड़क पर सभा कर रहे थे, हमले के बाद धुंआ दिखाई दिया
जापान में रविवार को उच्च सदन के चुनाव होने हैं। शिंजे इसके लिए वहां कैंपेनिंग कर रहे थे। सड़क पर एक छोटी सी सभा थी, जिसमें 100 से ज्यादा लोग शामिल थे। जब आबे भाषण देने आए तो पीछे से एक हमलावर ने गोली चलाई। जो वीडियो सामने आ रहे हैं, उनमें हमले के बाद धुंआ दिखाई दिया। इसके बाद अफरा-तफरी मच गई।
WATCH: Bystanders rush to help former Japanese Prime Minister Shinzo Abe after he is shotpic.twitter.com/vgk7fn323p
— BNO News (@BNONews) July 8, 2022
हमले के बाद हमलावर ने भागने की कोशिश की
शिंजो आबे पर हमला करने के बाद हमलावर ने भागने की कोशिश की। हालांकि, मौके पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने उसे पकड़ लिया। पुलिस आरोपी से सवाल-जवाब कर रह रही है।
67 साल के शिंजो लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी (LDP) से जुड़े हैं। आबे 2006 से 07 के दौरान प्रधानमंत्री रहे। इसके बाद, 2012 से 2020 तक लगातार 8 साल तक प्रधानमंत्री रहे। उनके नाम सबसे लंबे समय (9 साल) तक PM पद पर रहने का रिकॉर्ड है। इससे पहले यह रिकॉर्ड उनके चाचा इसाकु सैतो के नाम था।
आबे को एक आक्रामक नेता माना जाता है। शिंजो को आंत से जुड़ी बीमारी अल्सरट्रेटिव कोलाइटिस थी, इसकी वजह से उन्हें 2007 में प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा देना पड़ा था।
मोदी के खास दोस्त हैं आबे, पद्म विभूषण से नवाजा गया
मोदी के साथ आबे के अच्छे संबंध रहे। उनकी गुजरात और बनारस यात्रा काफी चर्चित रही। 25 जनवरी 2021 को भारत ने आबे को पद्म विभूषण से सम्मानित किया था।