कांग्रेस महंगाई, जीएसटी, और केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ शुक्रवार को सड़क से संसद तक प्रदर्शन कर रही है। कुछ देर में राहुल-प्रियंका पीएम आवास का घेराव करेंगे। प्रियंका भी कांग्रेस मुख्यालय पहुंच गई हैं। उधर, प्रदर्शन को देखते हुए अकबर रोड पर भारी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। पुलिस ने तीन लेयर में जवानों को तैनात किया है। किसी भी कार्यकर्ता अंदर नहीं जाने दिया जा रहा है। इस बीच, केंद्र के खिलाफ विरोध जताने के लिए सोनिया, राहुल समेत कांग्रेस के सभी सांसद सदन में काले कपड़े पहनकर पहुंचे और जमकर नारेबाजी की।
#WATCH Amid rain showers, Congress workers continue to protest against price rise & unemployment, at party headquarters in Delhi pic.twitter.com/kf9VzzSJiY
— ANI (@ANI) August 5, 2022
इससे पहले, सुबह राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने कहा, ‘क्या आप तानाशाही का मजा ले रहे हैं, यहां रोज लोकतंत्र की हत्या हो रही है। इस सरकार ने 8 साल में लोकतंत्र को बर्बाद कर दिया।’ दरअसल, कांग्रेस आज देशभर में केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रही है। मीडिया से बात करने के दौरान वह अपने बाजू पर काली पट्टी बांधे थे।
राहुल की प्रेस कॉन्फ्रेंस की बड़ी बातें
1. हर इंस्टीट्यूट में RSS का आदमी: देश की मीडिया, इलेक्टोरल सिस्टम इनके दम पर विपक्ष खड़ा होता है, लेकिन देश में हर इंस्टीट्यूट में RSS का आदमी बैठा है। वह सरकार के कंट्रोल में है। जब हमारी सरकार होती थी तब इन्फ्रास्ट्रक्चर न्यूट्रल होता था। हम उसमें दखल नहीं देते थे। आज यह सरकार के साथ है। कोई विरोध करता है तो उसके खिलाफ केंद्रीय जांच एजेंसियां लगा दी जाती हैं।’
2. लोकतंत्र आठ साल में बर्बाद: लोकतंत्र की जो मौत हुई, उससे आपको कैसा लग रहा है? जिस लोकतंत्र को 70 सालों में बनाया गया, उसे आठ साल में खत्म कर दिया गया।
3. जितना सच्चाई बोलूंगा, उतना हमला: मेरी दिक्कत ये है कि मैं सच्चाई बोलूंगा, महंगाई, बेरोजगारी का मुद्दा उठाने का काम करूंगा। जो डरता है, वो धमकाता है। जो आज देश की हालत है उससे डरते हैं, जो उन्होंने पूरे नहीं किए, महंगाई और बेरोजगारी से डरते हैं। जनता की शक्ति से डरते हैं, क्योंकि ये 24 घंटा झूठ बोलते हैं।
कांग्रेस के प्रदर्शन से जुड़े अपडेट्स
– प्रदर्शन को देखते हुए जंतर-मंतर इलाके को छोड़ पूरी दिल्ली में धारा 144 लागू लगाई गई। दिल्ली पुलिस ने कहा कि लॉ एंड ऑर्डर को देखते हुए यह फैसला किया गया है।
– कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि सरकार हमें महंगाई के खिलाफ विरोध करने से रोकना चाहती है, इसलिए लगातार कांग्रेस नेताओं को परेशान कर रही है।
– राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि राहुलजी ने जो कहा आप समझ लें कि देश में क्या हालात हैं। किसी ने नहीं सोचा होगा कि देश में लोगों को लोकतंत्र समाप्त होते देखना होगा। देश में ED, इनकम टैक्स, CBI का आतंक है।
– दिल्ली, पटना, मुंबई, भोपाल समेत देशभर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महंगाई के खिलाफ प्रदर्शन किया।
देशभर से आए कार्यकर्ता, बारिश से परेशान हुए
महंगाई का विरोध करने के लिए देशभर से कांग्रेस कार्यकर्ता दिल्ली पहुंचे थे। पार्टी मुख्यालय में ठहरने की व्यवस्था की गई थी, लेकिन बारिश की वजह से सभी व्यवस्थाएं अस्तव्यस्त हो गईं। कार्यकर्ता रातभर खुले में सोए।
अकबर रोड पर बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात
अकबर रोड स्थित कांग्रेस मुख्यालय के बाहर 300 मीटर की दूरी के आसपास बड़ी संख्या में पुलिस और अर्ध सैनिक बल की तैनाती की गई है। किसी भी कार्यकर्ता को शुक्रवार को अंदर नहीं जाने दिया जा रहा।
सांसदों का राष्ट्रपति भवन तक मार्च, PM हाउस घेरेंगे
सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस ने प्रदर्शन को लेकर 2 स्तर पर रणनीति तैयार की है। पार्टी के सभी सांसद विजय चौक होते हुए राष्ट्रपति भवन तक मार्च करेंगे। वहीं पार्टी के नेता और कार्यकर्ता कांग्रेस मुख्यालय से PM हाउस तक जाएंगे। यहां वे PM हाउस का घेराव करेंगे।