जयसिंहपुर-सुलतानपुर। ओमीक्रोन के बढ़ते खतरे के बीच अब उत्तर प्रदेश में सियासी तैयारियों के नायाब तरीके प्रदेशवासियों को अपनी ओर खासा आकर्षित कर रहे हैं। क्षेत्र में माहौल बना अधिक से अधिक मतदाताओं को अपनी ओर आकर्षित करने के लिए सभी पार्टियां पूरी जोर शोर से लगी है। चुनाव के इस सियासी आलम में लोग तब हैरान हो गए जब जयसिंहपुर क्षेत्र की सड़को पर अचानक नाव दौड़ने लगी। सड़को पर बोट रेस देख सभी लोग हैरान हो गए। हालांकि, बाद में पता चला कि ये चुनावी नाव है।
बताते चलें कि बिहार की विकासशील इंसान पार्टी यूपी में ताल ठांेक चुकी है। पार्टी के मुखिया व बिहार सरकार में मंत्री सन ऑफ मल्लाह मुकेश साहनी ने सूबे की 165 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की घोषणा की है। वहीं, सूची में शामिल विधानसभा क्षेत्रों में प्रचार के लिए साहनी ने वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया है। लेकिन इन वाहनों की खास बात यह है कि इन वाहनों में एक नाव लगी है। असल में वीआईपी पार्टी का चुनाव चिन्ह ‘नाव’ है। इसलिए पार्टी ने चुनावी प्रचार के लिए नाव के आकार के 165 वाहनों को 165 विधानसभा क्षेत्रों में प्रचार के लिए भेजा है। बता दें कि साहनी उन सीटों पर चुनाव लड़ेंगे, जहां निषादों की अच्छी खासी आबादी है।
वहीं, अभियान के लिए ई-रिक्शा को ‘नाव’ में तब्दील किया गया है। जिसका उद्देश्य निषाद वोटर्स के बीच जागरूकता पैदा करना है। वीआईपी के अध्यक्ष मुकेश साहनी कहते हैं- ‘नाव’ मेरे समुदाय की आजीविका का प्रतीक है और परिवहन का यह साधन पर्यावरण के अनुकूल भी है। यह नाव ही था, जिस पर निषाद राज ने भगवान राम को नदी के पार पहुंचाया था। इसलिए नाव का हमारे लिए बहुत ही महत्व है। इधर, आगामी विधानसभा चुनाव में साहनी की पार्टी अपने समाज को विकास की धारा से जोड़ने के वादे के साथ चुनावी मैदान में उतर चुकी है। साथ ही प्रचार वाहन क्षेत्रों में घूमकर माहौल बनाने का काम कर रहे है।