Breaking News
Home / Slider News / बरेली : सपा विधायक के पेट्रोल पंप पर क्यों चला बुलडोजर, आइये जानिए…

बरेली : सपा विधायक के पेट्रोल पंप पर क्यों चला बुलडोजर, आइये जानिए…

बरेली : मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ के खिलाफ विवादित बयान देने वाले सपा विधायक शहजिल इस्लाम की मुश्किलें बढ़ गई हैं। गुरुवार को बरेली विकास प्राधिकरण (BDA) ने उनके सीबीगंज स्थित पेट्रोल पंप पर कार्रवाई कर दी। उनके पेट्रोल पंप पर बीडीए (बरेली डेवलपमेंट अथॉरिटी) का बुलडोजर चला। सिर्फ मशीनें ही छोड़ी गई हैं। आरोप है कि बिना नक्शा पास कराए ही पेट्रोल पंप बनाया गया था।

इस दौरान सुरक्षा व्‍यवस्‍था के लिए बड़ी संख्‍या में फोर्स तैनात रही। पेट्रोल पंप को ध्वस्त उस वक्त किया गया, जब यहां ग्राहकों की भीड़ थी। फिलहाल विधायक के पेट्रोल पंप गिराने की जानकारी के बाद सपा नेता काफी गुस्से में हैं। 5 दिन पहले विधायक योगी का नाम लेकर कहा था कि यदि सीएम ने अपशब्द कहे तो उनकी बंदूक से धुआं नहीं गोलियां निकलेंगी।

पेट्रोल पंप संचालित करने के लिए नहीं ली गई थी NOC

भोजीपुरा से सपा विधायक शहजिल इस्लाम का सीबीगंज के परसाखेड़ा में SIRS के नाम से फिलिंग स्टेशन है। बरेली डेवलपमेंट अथॉरिटी(BDA) के VC जोगेंद्र सिंह ने बताया कि विधायक का यह पेट्रोल पंप बिना नक्शा पास कराया ही बनवाया गया था।

इसके लिए पहले भी नोटिस जारी किया गया था, लेकिन विधायक की तरफ से कोई जवाब नहीं दिया गया था। उन्होंने यह भी बताया कि पेट्रोल पंप संचालित करने के लिए NOC भी नहीं ली गई थी। यह पेट्रोल पंप पूरी तरह से अवैध है। जिसके चलते पेट्रोल पंप पर कार्रवाई की गई है।

दो अप्रैल को सीएम योगी के खिलाफ विवादित बयान दिया था

भोजीपुरा से समाजवादी पार्टी के विधायक शहजिल इस्लाम ने दो अप्रैल को सीएम योगी के खिलाफ विवादित बयान दिया था। इस मामले में विधायक के खिलाफ केस भी दर्ज किया गया है। पीलीभीत बाईपास पर सपा के जिला उपाध्यक्ष संजीव सक्सेना के आवास पर आयोजित सम्मान समारोह में सपा विधायक शहजिल इस्लाम ने कहा था कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपशब्द कहेंगे तो उनकी गोली चलेगी। हमारी बंदूकों से केवल धुंआ नहीं निकलेगा गोली भी निकलेगी।

भाजपा और हियुवा नेताओं की शिकायत पर दर्ज हुआ केस
इस मामले में भाजपा नेताओं ने काफी नाराजगी जताई थी। विधायक के बयान पर आपत्ति जताते हुए मुकदमा दर्ज कराने की मांग की थी। बाद में हिंदू युवा वाहिनी के जिला प्रभारी अनुज वर्मा ने इसकी शिकायत एसपी सिटी रविंद्र सिंह से की। एसपी सिटी ने सीओ द्वितीय को जांच का आदेश दिया था।

सीओ की जांच रिपोर्ट के आधार पर थाना बारादरी में विधायक शहजिल इस्लाम, सपा जिला उपाध्यक्ष संजीव सक्सेना व अन्य के खिलाफ धमकी देने, सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने और अमर्यादित टिप्पणी करने के मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया। मुकदमे की विवेचना एसआई अवधेश कुमार यादव को सौंपी गई है।

फार्म हाउस पर भी हो सकती कार्रवाई

बता दें कि विधायक शहजिल इस्लाम का एक फार्म हाउस भी है। अब BDA अफसरों की निगाह उस फार्म हाउस पर भी है। बताया जाता है कि फार्म हाउस का निर्माण करने के लिए भी विभाग से अनुमति नहीं ली गई है। संभावना जताई जा रही है कि पेट्रोल पंप के बाद अब उनके फार्म हाउस को भी गिराया जा सकता है।

Check Also

बरेली : नौकर की मौत, हत्या का इल्जाम मालिक पर….

हाईवे के किनारे मिली लाश, विहिप ने की गिरफ्तारी की मांग शहर के बड़े घी ...