नई दिल्ली । होली तक फिर मौसम में बदल सकता है। पहाड़ों में एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से बादलों की आवाजाही के साथ बारिश की संभावना जताई जा रही है। आईएमडी के मुताबिक 14 मार्च तक जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी हो सकती है। बर्फबारी से एक बार फिर न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे आ सकता है, जिससे दिन में शीतलहर जैसी स्थिति सकती है।
मौसम विभाग के मुताबिक 12 से 15 मार्च तक पंजाब और हरियाणा के कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है। 13 से 14 मार्च तक दिल्ली-एनसीआर समेत पड़ोसी राज्यों में बादलों की आवाजाही रहेगी। इस दौरान बूंदाबांदी और हल्की बारिश हो सकती है। कमोबेश यही स्थिति यूपी, बिहार और राजस्थान के आसपास भी बनी रह सकती है। एक अनुमान के मुताबिक उत्तर पूर्व राज्यों में चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र सक्रिय होने से अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, अंडमान निकोबार द्वीप समूह, केरल और असम में हल्की बारिश हो सकती है। मध्य प्रदेश, राजस्थान और गुजरात के कुछ हिस्सों के साथ-साथ सिंधु-गंगा के मैदानी इलाकों में हवा तेज हो सकती है।
मौसम विभाग ने दिल्ली में दिन में आसमान साफ रहने और अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान लगाया है। हालांकि, इस सप्ताह पहाड़ों में फिर से पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम बदलने की संभावना है। 14 मार्च को बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश हो भी सकती है।
आईएमडी के मुताबिक यूपी में 13 मार्च को 12 जिलों में बारिश की संभावना है। हल्की से मध्यम हवाएं चलने से ठंड का अहसास बना रहेगा। हालांकि, अब हवाओं की गति कम होने से दिन और रात के तापमान में बढ़ोतरी होगी। बिहार में कभी गर्मी, कभी ठंड तो कभी बारिश का मौसम बना हुआ है। आईएमडी ने राज्य में बादल छाने, तेज हवाएं चलने और बिजली चमकने व गरज के साथ बारिश होने का अनुमान जताया है। बादलों के कारण तापमान में बढ़ोतरी होगी।
राजस्थान के कई इलाकों में तापमान बढ़ने लगा है, जहां पिछले 24 घंटे में सबसे ज्यादा तापमान सीमावर्ती बाड़मेर में 38.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक इस सप्ताह राज्य के ज्यादातर हिस्सों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है। इस दौरान राज्य में अधिकतम तापमान सामान्य से दो से तीन डिग्री सेल्सियस ज्यादा रहेगा।
उत्तराखंड में अगले 24 घंटे में बर्फबारी हो सकती है। उत्तराखंड में 12 मार्च को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और बागेश्वर में बारिश की संभावना है। 13 मार्च को यूएस नगर और हरिद्वार को छोड़कर शेष सभी जिलों में बारिश का अनुमान है। वहीं हिमाचल प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से कई हिस्सों में लगातार पांच दिन तक बारिश और बर्फबारी का अनुमान जताया गया है। आईएमडी के मुताबिक लाहौल स्पीति, चंबा, कांगड़ा, किन्नौर और कुल्लू जिलों के ऊंचाई वाले इलाकों में अलग-अलग जगहों पर हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है। इस दौरान न्यूनतम तापमान में गिरावट से फिर ठंड का एहसास होगा।
जम्मू-कश्मीर में पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम में बदलाव की संभावना है। इसका असर 14 मार्च तक रहेगा। घाटी और ऊंचाई वाले इलाकों फिर बर्फबारी होगी और मैदानी इलाकों में सामान्य जनजीवन पर असर पड़ेगा। न्यूनतम तापमान में कमी आने से दिन में ठंड जैसे हालात बने रहेंगे, जिससे एक बार फिर कड़ाके की ठंड पड़ सकती है। श्रीनगर में न्यूनतम तापमान माइनस 5 डिग्री सेल्सियस, कुपवाड़ा में -2, कोकरनाग में 0.6, काजीगुंड में -0.2 और गुलमर्ग में -7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
अगर गुजरात की बात करें तो 12 मार्च तक बारिश की उम्मीद नहीं है। सौराष्ट्र और कच्छ के अंदरूनी इलाकों में हल्की गर्म हवाएं चल सकती हैं। इस दौरान राज्य में कुछ जगहों पर तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे ऊपर जाने की संभावना है। अहमदाबाद, मोरबी, अमरेली, बड़ौदा, जूनागढ़, राजकोट, मेहसाणा, खेड़ा, गांधीनगर, पाटन, दाहोद, गोधरा, बोटाद, सुरेंद्रनगर, भुज और नलिया में भीषण गर्मी पड़ने की संभावना है।
दक्षिण और पश्चिमी राजस्थान में चक्रवाती परिसंचरण आने की संभावना जताई है, जिसके बाद, 11 से 14 मार्च के बीच एक और पश्चिमी विक्षोभ आने और आगे बढ़ने की संभावना है। इस तरह का सपोर्ट परिसंचरण फिर से उत्तर और उत्तर-पूर्वी राजस्थान में दस्तक देगा। ये बैक-टू-बैक सिस्टम गुजरात और पड़ोसी दक्षिण राजस्थान में हवा के पैटर्न को बदल देंगे।
दक्षिण भारत से लेकर पश्चिम तक गर्मी अभी से महसूस होने लगी है। महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, झारखंड, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, केरल, कर्नाटक और गुजरात में गर्मी का प्रकोप शुरू हो गया है। कुल मिलाकर, सामान्य से ज्यादा तापमान दर्ज किया जा रहा है। दूसरी ओर, केरल में भीषण गर्मी को देखते हुए हीटवेव और सनबर्न अलर्ट जारी किया गया है।