Monday , 16 March 2026

लोडर से भाड़े का बहाना, चुनिंदा दुकान का माल हमारा : 170 कैमरे खंगाल घूम–घूम रेकी कर चोरी का पर्दाफाश

–बिल्हौर और शिवराजपुर की दुकानों से हुई बड़ी चोरियों में हिस्ट्रीशीटर और उसका भाई गिरफ्तार

बिल्हौर, कानपुर। लोडर से भाड़ा लेकर आने–जाने के दौरान शातिर मनपसंद जगह को निशाना बना लिया करते थे। इसके बाद मौका देख रात की स्याही में चोरी को अंजाम दिया जाता था। इस दौरान सर्विलांस को धता बताने के लिए मोबाइल से परहेज किया जाता था। हालांकि बिल्हौर में एक ऐसे ही मामले की गुत्थी सुलझाने के दौरान खाकी की रडार पर आरोपी आ गए। फिर हिस्ट्रीशीटर समेत उसके भाई को बड़ी मात्रा में चोरी के माल के साथ धर लिया गया।

गत 14–15 सितंबर के मध्य रात को बिल्हौर के वैष्णव नगर निवासी प्रांशू कटियार की चौखंडी स्थित दुकान में चोरी की घटना हुई। इसी तरह 12–13 जुलाई के मध्य रात को शिवराजपुर के रामकृष्ण नगर निवासी मो राशिद की जूनियर हाई स्कूल के नजदीक दुकान का ताला तोड़ चोरी को अंजाम देकर सीसीटीवी तक ध्वस्त कर दिए गए। मामले की तफ्तीश के दौरान बिल्हौर कोतवाल अशोक कुमार सरोज और उनकी टीम ने ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत करीब 170 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। रडार पर आई बोलेरो पिकअप नं. यूपी78 जीटी 3397 को ट्रेस करने के दौरान खाकी के कदम शातिरों के अड्डे तक जा पहुंचे। पुलिस ने बड़ी मात्रा में चोरी के माल समेत हिस्ट्रीशीटर सतीश सिंह उर्फ सतीश (47) पुत्र राम औतार निवासी ग्राम रामपुर भीमसेन थाना सचेण्डी और उसके भाई दीपक उर्फ दीपू (31 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया गया। इस कार्रवाई पर डीसीपी दिनेश त्रिपाठी ने टीम को बीस हजार इनाम देने की घोषणा की। कोतवाल अशोक कुमार सरोज ने बताया कि आवश्यक कार्रवाई के बाद आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज दिया गया है।
––––
शातिर के कब्जे से ये माल हुआ बरामद
36 बैटरियां, 12 इन्वर्टर, 58 ट्यूबलाइट, 7 पंखे, 8 प्रेस, 5 सोलर बैटरियां, 47 प्लाई बोर्ड, इलेक्ट्रॉनिक तराजू, ग्राइंडर, कटर, सोलर इन्वर्टर समेत करीब 30 से अधिक किस्म का सामान शामिल है।
––––
आपराधिक इतिहास
सतीश सिंह पर 302, 392, 307, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट व कई चोरी समेत 17 मुकदमे दर्ज हैं। दीपक पर भी 2016 में मारपीट व धमकी का मुकदमा दर्ज हो चुका है।

Check Also

मीरजापुर में विवाहिता की संदिग्ध मौत से सनसनी: मायके वालों का आरोप- ‘ससुरालियों ने जहर देकर मार डाला’, जांच में जुटी पुलिस

मीरजापुर। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में एक विवाहिता की मौत के बाद हड़कंप मच …