लखनऊ । लखनऊ के एलडीए कॉलोनी स्थित लोकबंधु अस्पताल में शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। आग लगने से भर्ती मरीजों को तत्काल बाहर निकाला गया, लेकिन इमरजेंसी सेवा पूरी तरह से बाधित हो गई। अस्पताल परिसर के बाहर निकलते हुए दौड़ते भागते मरीज और उनके तीमरदारों की चींखें बाहर सड़क तक सुनाई देती रही।
लोकबंधु अस्पताल में आग लगने की सूचना पर फायर सर्विस के तीन वाहन सहित कर्मचारी मौके पर पहुंचे। अस्पताल के कर्मचारियों ने पीछे का दरवाजा खोलकर फायर सर्विस कर्मचारियों को अस्पताल में घुसने का रास्ता दिया। आग लगने के कारण पूरा अस्पताल परिसर धुएं से भर गया था। फायर सर्विस कर्मचारियों ने आग बुझाने का काम शुरू कर दिया।
लोकबंधु अस्पताल पहुंचे उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, कहा- दो सौ मरीजों को शिफ्ट किया गया, सभी सुरक्षित
लखनऊ में लोकबंधु अस्पताल परिसर में लगी आग की सूचना मिलने पर उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक मौके पर पहुंचे। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि लोकबंधु अस्पताल में धुआं देखा गया। अस्पताल के चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ ने तुरंत मरीजों को वहां से शिफ्ट करना शुरू किया। करीब 200 मरीजों को वहां से शिफ्ट किया गया है, जिनका विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है। दमकल विभाग के कर्मचारी और अधिकारी आग बुझाने की कोशिश कर रहे हैं। कोई मरीज हताहत नहीं हुआ है, सभी सुरक्षित हैं। दो से तीन गंभीर मरीजों को किंग जार्ज मेडिकल कॉलेज के आईसीयू वार्ड में शिफ्ट किया गया है।
वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिलाधिकारी विशाख जी से समूचे घटनाक्रम की जानकारी की। जिलाधिकारी और अधिकारियों की टीम मौके पर डटी रही। जिलाधिकारी के अनुसार प्रथम सूचना में आग शॉर्ट सर्किट से लगी है। आग को बुझाने में फायर सर्विस की टीम जुटी है।