कानपुर । पश्चिम से चलने वाली हवाओं की दिशाएं सोमवार को बदल गई। पश्चिम की जगह पूर्व से चलने वाली हवाओं ने वातावरण में नमी ला दी और उमस भरी गर्मी से एक बार फिर लोग परेशान हो गये। मौसम विभाग का कहना है कि अभी बारिश के आसार नहीं है और तीन दिनों तक मौसम ऐसा ही बना रहेगा।
चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ एस एन सुनील पाण्डेय ने सोमवार को बताया कि पाकिस्तान के मध्य भाग पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। एक और चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बांग्लादेश और इससे सटे क्षेत्र पर बना हुआ है। आंध्र प्रदेश के दक्षिणी तट पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। बिहार से छत्तीसगढ़ और तेलंगाना होते हुए रायलसीमा तक एक ट्रफ रेखा बनी हुई है।
बताया कि कानपुर में अधिकतम तापमान 43.8 और न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता 56 प्रतिशत और दोपहर की सापेक्षिक आर्द्रता 16 प्रतिशत रही। हवाओं की दिशाएं उत्तर पूर्वी रहीं जिनकी औसत गति 2.6 किमी प्रति घंटा रही। अगले पांच दिनों में हल्के बादल छाए रहने के साथ उमस, गर्मी, तापमान में उतार चढ़ाव बना रहेगा। इसके साथ ही लू के भी बने रहने के आसार हैं किन्तु बारिश की कोई संभावना नहीं है।