मेरठ के शास्त्री नगर में रविवार देर रात डबल मर्डर हुआ। कुटी चौराहा के पेट्रोल पंप के पास रिटायर्ड हेड कांस्टेबल की 65 वर्षीय बीवी कौशल सिरोही और उनकी 12 साल की नातिन तमन्ना की लाश घर से बरामद की गई। उनके गले पर धारदार हथियार के गहरे घाव थे। कमरों में सामान बिखरा हुआ था।
ये हत्या लूट के इरादे से की गई या प्रॉपर्टी विवाद था। दोनों ही लाइनों पर पुलिस जांच कर रही है। एरिया के CCTV की फुटेज देखे जा रहे हैं। पड़ोसियों से पूछताछ में सामने आया कि रविवार रात 12 बजे कौशल सिरोही घर के गेट पर देखी गईं। हत्यारे घर में कैसे दाखिल हुए, इसके सबूत फॉरेंसिक टीम ने जुटाए हैं।
एक महीने पहले पति रतन की मौत हुई थी
बुलंदशहर के बीबीनगर इलाके में रहने वाले रतन सिंह सिरोही पुलिस विभाग में हेड कांस्टेबल पद से रिटायर हुए थे। वो अपनी 65 वर्षीय बीवी कौशल सिरोही के साथ रहते थे। एक महीने पहले रतन सिंह सिरोही की मौत हो गई। इस मकान में कौशल सिरोही अपनी 12 साल की नातिन तमन्ना के साथ रह रही थीं। जबकि बेटी और दामाद मेरठ में दूसरे मकान में रहते हैं।
वृद्धा और बच्ची के शव कमरे में मिले। यहां सामान भी बिखरा हुआ था। क्या कातिलों ने लूट की? इस सवाल का जवाब पुलिस के पास नहीं है। पुलिस ये भी मान रही है कि किसी विवाद में कौशल की हत्या हुई हो। चश्मदीद गवाह यानी उनकी नातिन तमन्ना को भी हत्यारों ने मार दिया हो। फिर लूट दिखाने के लिए सेफ और अलमारी का सामान बिखेर दिया हो।
पुलिस को मौके से एक गुल्लक भी टूटी हुई मिली। उसके अंदर रखे रुपए भी गायब माने जा रहे हैं। परिवार अभी पुलिस को ये नहीं बता सका है कि घर से क्या-क्या गायब है।
फर्श पर पड़ा ज्यादातर खून सूख चुका था
पड़ोस के लोगों ने पुलिस को बताया कि कौशल रात में देर से सोती थीं। रविवार रात भी वो घर के गेट पर देखी गईं थी। कमरे का दरवाजा अमूमन अंदर से बंद रहता था। मगर आज कमरे का दरवाजा खुला हुआ मिला है। ऐसे में पुलिस ये जांच कर रही है कि हत्यारे मुख्य गेट से पहुंचे या छत के रास्ते से मकान के अंदर पहुंचे।
हत्या की वजह पर पुलिस काम कर रही-SSP
IG रेंज प्रवीण कुमार और SSP रोहित सिंह सजवाण भी मौके पर पहुंचे। घटना के खुलासे के लिए अलग अलग टीमें लगाई गईं हैं। SSP ने कहा,”हत्यारों की एंट्री और वारदात के बाद एग्जिट कई क्लू दे रही है। हत्या की वजह पर पुलिस काम कर रही है। कुछ सबूत मिले हैं। अभी जांच जारी है।”