-आरोपी को गिरफ्तार कर पुलिस ने किया खुलासा
-अब किसी और से करती थी बाते,
कानपुर देहात। रसूलाबाद के रतनपुर गांव में एक महिला को घर में घुसकर गोली मारने की घटना का पुलिस ने रविवार को खुलासा कर दिया। आरोपी ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि महिला से उसके प्रेम संबंध थे। इस बीच महिला धोखा देकर किसी और से बातें करने लगी थी। साथ ही खेत अपने नाम करने का दबाव बना कर ब्लैकमेल कर रही थी। महिला की हालत अभी नाजुक बनी है।
रसूलाबाद संवाददाता के अनुसार रतनपुर गांव में शनिवार दोपहर दिव्या (22) अपने डेढ़ वर्षीय बेटे को नहला रही थी। तभी गांव के ही मोहित ने घर घुसकर महिला को गोली मार दी थी। पुलिस ने मोहित को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त 315 बोर का तमंचा बरामद कर लिया है। मोहित ने पुलिस को बताया कि करीब पांच वर्ष से दिव्या से प्रेम संबंध हैं। कई बार दिव्या ने पैसे भी लिए लेकिन अब वह दबाव बनाकर खेत अपने नाम करने के लिए कह रही थी। साथ ही कुछ दिनों से धोखा देकर किसी और से बातें करने लगी थी। उसकी हरकतों से आजिज आकर घर घुसकर जान से मारने की नियत से गोली मार दी। हैलट में उसका इलाज चल रहा है। बता दें कि दिव्या की शादी 11 मई 2022 को गाऊपुर निवासी नवीन सिंह से हुई थी। पति से विवाद के चलते वह 20 अगस्त 2023 से अपनी मां रजनी और छोटी बहन नित्या के साथ मायके रतनपुर खास में रह रही है। कोतवाल अनिल कुमार ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज की गई है। उसे गिरफ्तार कर तमंचा भी बरामद कर लिया गया है।