प्रयागराज। जिले के नैनी क्षेत्र में बुधवार देर रात नए यमुना पुल से एक युवक नदी में छलांग लगा दी। पत्नी से विवाद के बाद नाराज युवक नए यमुना पुल पर पहुंचा, और यहां से नदी में छलांग लगा दी। इसकी जानकारी होते ही युवक की पत्नी और भाई मौके पर पहुंचे और सूचना पुलिस को दी।
जानकारी के अनुसार धूमनगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत भोला का पुरवा निवासी सुजीत भारतीया उम्र 30 साल पुत्र राजेंद्र भारतीया बुधवार रात करीब 10:30 बजे के आसपास बाइक से नए यमुना पुल पर पहुंचा और फ़ोन पर बात करते हुए नदी में छलांग लगा दी। यह देखकर वहां से गुजर रहे लोगों की भीड़ जुड़ गई। कुछ देर में उसकी पत्नी अंतिमा भारतीया और भाई सुमित भारतीया ई रिक्शा से नए यनुमा पुल पर पहुंचें। उन्होंने 112 नंबर पर इसकी सूचना दी।
सूचना पाकर नैनी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस की पूछताछ में भाई ने बताया कि सुजीत का उसकी पत्नी के साथ कुछ विवाद हुआ था, इससे नाराज होकर वह नए यमुना पुल पर पहुंचा था। घर वाले उससे फोन पर बात ही कर रहे थे, इसी बीच उसने नदी में छलांग लगा दी। पुलिस परिजनों के साथ पुल के नीचे पहुंची और उसकी तलाश शुरू की लेकिन अंधेरा होने के कारण सुजीत का कुछ पता नहीं चल सका। वहीं इसकी जानकारी होते ही उसके परिजन और बड़ी संख्या में परिचित नए यमुना पुल पर पहुंच गए।