वाराणसी । बिहार में भाजपा (एनडीए)से राहें जुदा होने के बाद नीतीश कुमार पर भाजपा कार्यकर्ता हमलावर हो गये हैं। बुधवार को वाराणसी में भाजपा कार्यकर्ताओं ने नीतीश कुमार के खिलाफ विवादित पोस्टर वार शुरू कर उन्हें धोखेबाज और बिन पेंदी का लोटा बताया है।
पोस्टर सोशल मीडिया में सुर्खियों में है। राजद के साथ सरकार सरकार बनाने पर भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष अमन सोनकर ने अपने साथी कार्यकर्ताओं के साथ नीतीश कुमार के विवादित पोस्टर जगह-जगह चिपकाए। पोस्टर में नीतीश कुमार को धोखेबाज और बिन पेंदी का लोटा लिखा हुआ था।
अमन सोनकर के अनुसार बिहार में राष्ट्रवादी सोच की सरकार चल रही थी। भाजपा के नेतृत्व में गुंडाराज और अराजकता को खत्म किया जा रहा था। यह सब कुछ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को रास नहीं आया। इसलिए वहां चोर-चोर मौसेरे भाई हो गए। उन्होंने जंगलराज चलाने वाले राजद के साथ गठबंधन कर सरकार बना ली है। यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। हम लोग नीतीश कुमार के विरोध में शहर में पोस्टर लगा रहे हैं।
कार्यकर्ता पोस्टर के माध्यम से यह दिखाना चाह रहे हैं कि नीतीश कुमार कितने बड़े धोखेबाज और स्वार्थी हैं। उनका कोई चरित्र नहीं है और उनकी कोई विचारधारा नहीं है। वह अपने स्वार्थ को पूरा करने के लिए कभी भी किसी भी दल के साथ दोस्ती कर लेते हैं। आने वाले दिनों में उनके इस स्वभाव का खामियाजा बिहार की जनता को भुगतना पड़ेगा।
उल्लेखनीय है कि भाजपा से जनतादल यूनाइटेड का गठबंधन तोड़ नीतीश कुमार ने राजद के साथ मिलकर सरकार बना ली और नई सरकार ने शपथ भी ले लिया।