कानपुर देहात में एक तलाकशुदा महिला को एक युवक से प्यार हो गया। दोनों के बीच प्यार परवान चढ़ने लगा। जब युवक के घर वालों को दोनो के प्यार की जानकारी हुई तो युवती के तलाकशुदा होने के कारण युवक के परिजन शादी करने से इनकार करने लगे। दोनों को अलग अलग कर दिया। इसके बाद युवक और युवती थाने पहुंच गए।
थाने में अपनी प्रेम कहानी बताई तो पुलिसवालों का दिल भी पसीज गया। परिजनों को थाने बुलाकर समझाया। कड़ी मशक्कत के बाद जब परिजन माने तो थाने के मंदिर में ही दोनों की शादी करवा दी गई।
पांच साल पहले हुई थी मिथिलेश की शादी
मिथलेश की शादी पांच साल पहले घाटमपुर में हुई थी। लेकिन शादी के बाद उसका जीना हराम हो गया। रोजाना किसी न किसी बात पर पति पत्नी में विवाद होता था। जिससे परेशान होकर दोनो ने अपनी मर्जी से तलाक ले लिया। इसके बाद मिथलेश अपने घर आ गई। एक साल पहले वह अपने जीजा के घर किसी प्रोग्राम में गई हुई थी। वहीं उसकी मुलाकात हरिओम से हुई।
एक साल से दोनों के बीच है अफेयर
मूसानगर थाना क्षेत्र के रहने वाले हरिओम की मुलाकात मिथलेश से एक साल पहले एक रिश्तेदार के यहां हुई थी। यहीं से दोनों के बीच प्यार हो गया। धीरे धीरे दोनों एक दूसरे से मिलना जुलना शुरू कर दिया। लेकिन हरिओम के घरवालों को जब पता चला तो उन लोगों ने हरिओम को उससे मिलने से मना कर दिया। कई दिनों तक मुलाकात न होने से हरिओम परेशान था।
थाने में दी गई अर्जी
एक दूसरे से न मिल पाने के कारण दोनों परेशान हो गए। जिसके बाद दोनों ने पुलिस के पास जाने का फैसला किया। प्रेमी हरिओम और प्रेमिका मिथलेश दोनों आज मूसानगर थाने पहुंचे। जहां उन्होंने अपनी शादी कराने की गुहार लगाई। दोनों की फरियाद सुनने के बाद मौके पर मौजूद सीओ प्रिया सिंह ने दोनों के ही परिजनों को थाने बुला लिया।
दो घंटे तक समझाते रहे
परिजनों को पुलिसवाले लगभग दो घंटे तक समझाते रहे। हालांकि, लड़के के परिवार वाले राजी नहीं हो रहे थे। लेकिन सीओ प्रिया सिंह ने उन्हें तमाम दुहाइयां देकर दोनों की शादी के लिए राजी कर लिया। इसके बाद प्रेमी जोड़े की थाने में बने मंदिर में शादी करा दी गई। इस शादी में सीओ के अलावा थाने के दूसरे पुलिसकर्मियों ने भी दूल्हा और दुल्हन को आर्शीवाद दिया।
सीओ बोली-समझाया तो परिजन मान गए
सीओ प्रिया सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों बैठा कर बात सुनी गई और फिर परिजनों को समझाकर विवाह के लिए राजी किया गया। इसके बाद थाना परिसर स्थित शिव मंदिर में दोनों का विवाह कराया गया।