गाजियाबाद के बाद अब मुंबई में लिफ्ट में पालतू कुत्ते के काटने की घटना सामने आई है। यहां एक जर्मन शेफर्ड ने Zomato डिलीवरी बॉय के प्राइवेट पार्ट में काट लिया। इससे वह जख्मी हो गया। यह घटना 29 अगस्त को नवी मुंबई के नजदीक पनवेल के इंडियाबुल्स ग्रीन्स मरीगोल्ड सोसाइटी में हुई। वीडियो अब वायरल हो रहा है।
लिफ्ट से बाहर निकलते समय काटा
CCTV फुटेज में दिख रहा है कि युवक जैसे ही लिफ्ट के बाहर जाने लगा जर्मन शेफर्ड डॉग ने उस पर अटैक कर दिया। युवक का मुंबई के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। पीड़ित की पहचान नरेंद्र पेरियार के रूप में हुई है। सोशल मीडिया पर लोग कुत्ते के मालिक के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
गाजियाबाद: लिफ्ट में बच्चे को कुत्ते ने काटा था
7 सितंबर को गाजियाबाद की एक सोसाइटी की लिफ्ट में पालतू कुत्ते ने बच्चे को काट लिया था। बच्चा लिफ्ट में रोता रहा, दर्द से कराहता रहा, लेकिन कुत्ते की मालकिन चुपचाप खड़ी देखती रही। राजनगर एक्सटेंशन में हुई इस घटना के बाद पुलिस ने FIR दर्ज कर ली थी। सोसाइटी के रेजिडेंट्स ने कहा था कि लिफ्ट में पालतू कुत्तों को लाना-ले जाना बंद किया जाए।
घटना शाम करीब 6 बजे की है। 9 साल का बच्चा ट्यूशन पढ़कर घर लौट रहा था। लिफ्ट से फ्लैट में जाते वक्त एक महिला अपना पालतू कुत्ता लेकर लिफ्ट में घुस गई। कुत्ते से बचने के लिए बच्चा लिफ्ट में गेट की तरफ आया। इसी दौरान कुत्ते ने उसकी जांघ पर काट लिया था।
पार्क में खेलते हुए बच्चे को पिट बुल ने काटा
मामला 3 सितंबर का है। गाजियाबाद में एक 11 साल का बच्चा अपने घर के पास खेल रहा था और तभी पिट बुल कुत्ते ने उसे काट लिया। कुत्ते ने बच्चे को इतनी बुरी तरह काटा की उसके चेहरे पर 200 टांके आए हैं। इस घटना का CCTV फुटेज भी वायरल हुआ है। वीडियो में एक महिला पार्क में कुत्ते को घुमाती हुई दिखाई देती है। अचानक से कुत्ता उसके हाथ से छूटकर आता है और बच्चे को काट लेता है। एक युवक आकर बच्चे को बचाने की कोशिश भी करता है लेकिन कुत्ते ने जब तक बच्चे के चेहरे में काट लिया।
बच्चे के परिजन ने पुलिस में इसकी शिकायत की थी। इसके बाद महिला पर बिना लाइसेंस या रजिस्ट्रेशन के कुत्ते को रखने पर 5 हजार रुपए का जुर्माना भी लगाया था। वहीं लोगों ने भी इस घटना को लेकर हंगामा किया था। उनका कहना था कि पार्क में बच्चे खेलते हैं। इस जगह कुत्तों को नहीं घुमाना चाहिए।