सीवान से एक शिक्षक का कान पकड़कर उठक-बैठक लगाते वीडियो सामने आया है। बताया जा रहा है कि कोचिंग पढ़ाने वाला ये शिक्षक छात्राओं से छेड़छाड़ करता था। एक लड़की को उसने प्रपोज करते हुए आई-लव-यू कहा था। इसके बाद लड़की ने अपने परिवार से शिकायत की। बाइक से जाते लोगों ने पहले शिक्षक को रोका। पहले मारपीट की। मुर्गा बनाया और फिर उठक-बैठक लगवाई गई। इस दौरान वो लोगों से छोड़ने की गुहार लगाता रहा।
वीडियो महाराजगंज थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। जहां कोचिंग में पढ़ने वाली छात्राओं के साथ छेड़खानी करने के आरोप में एक शिक्षक को कुछ लोगों ने मुर्गा बना दिया। साथ ही बीच सड़क पर उठक-बैठक भी लगवाई शिक्षक की पहचान महाराजगंज थाना क्षेत्र के गौर गांव निवासी राम लाल महतो का पुत्र 28 वर्षीय सतेंदर प्रसाद के रूप में हुई है।
दरअसल, सतेंदर प्रसाद महाराजगंज शहर मुख्यालय में कई जगहों पर इंटरमीडिएट के छात्र-छात्राओं को कोचिंग संस्थाओं में कोचिंग पढ़ाता है। हाल ही में कोचिंग में पढ़ने वाली एक छात्रा पर उसका दिल आ गया था। जिसके बाद इश्कबाज शिक्षक ने छात्रा को अपने प्यार का इजहार कर दिया। छात्रा ने जब विरोध किया तो शिक्षक ने जबरन उसके साथ छेड़खानी की। इसके बाद यह मामला पूरे क्षेत्र में आग की तरह फैल गया।
जब शिक्षक कोचिंग पढ़ा कर अपनी बाइक से लौट रहा था तो लोगों की भीड़ ने छात्रा से छेड़खानी के आरोप में शहर मुख्यालय के एक जगह पर पकड़ लिया और शिक्षक को घेरकर बीच सड़क पर मुर्गा बना कर उठक बैठक कराया। तस्वीरों में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि शिक्षक को मुर्गा बनाकर उठक बैठक कराने वाली कुछ लोगों के द्वारा उसकी पिटाई भी की जाती है।
वीडियो में आरोपी शिक्षक रोता हुआ रहम की भीख मांगते हुए दिखाई पड़ता है। बताया जाता है कि आज से कुछ माह पहले भी शिक्षक पर एक छात्रा के साथ महाराजगंज शहर मुख्यालय के बंगरा के समीप छेड़खानी का आरोप लगा था। वायरल वीडियो कुछ रोज पहले की बताई जाती है जो अब तेजी से वायरल हो रहा है।