गाजियाबाद के मोदीनगर इलाके में गुरुवार को अपहरण के बाद 9 साल की बच्ची की गला दबाकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने 25 साल के किडनैपर कपिल कश्यप को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने घर के बाहर खेल रहीं दो मासूम बच्चियों को अगवा किया था। इसमें एक बच्ची रात में ही गन्ने के खेत में जिंदा मिली थी।
दूसरी बच्ची का शव शुक्रवार सुबह पांच बजे दूसरे खेत से बरामद हुआ। कपड़े अस्त-व्यस्त थे और चोटों के निशान हैं। आशंका है कि रेप के बाद बच्ची को मारा गया है। तनाव को देखते हुए पुलिस और PAC तैनात कर दी गई है। दोनों बच्चियां पड़ोसी हैं।
रात 8 बजे शुरू हुई बच्चियों की खोजबीन
घटना मोदीनगर थाना क्षेत्र की है। 5 और 9 साल की दो बच्चियां घर के बाहर गुरुवार शाम 6 बजे खेल रही थीं। दोनों बच्चियों के घर एक-दूसरे से कुछ ही दूरी पर हैं। उसी दौरान रोरी गांव का कपिल कश्यप वहां साइकिल से आया और दोनों को आइसक्रीम खिलाने के बहाने जंगल ले गया। रात 8 बजे तक जब दोनों बच्चियां घर नहीं लौटीं तो परिजनों ने खोजबीन शुरू की।
गाजियाबाद SSP मुनीराज जी., SP देहात ईरज राजा चार थानों की फोर्स लेकर रोरी गांव में पहुंच गए और डॉग स्क्वायड के साथ सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया। करीब तीन घंटे के बाद गांव से बाहर खेत में 5 साल की बच्ची रात करीब 11 बजे गन्ने के खेत में बदहवास हालत में मिली। इसके बाद पुलिस और परिजनों की धड़कनें बढ़ गईं। देर रात 1 बजे पुलिस ने आरोपी कपिल को गिरफ्तार कर लिया। शुरुआती पूछताछ में उसने गला दबाकर हत्या करने की बात स्वीकार की, लेकिन यह नहीं बताया कि लाश कहां पर फेंकी है। वह बार-बार कहता रहा कि इस बारे में उसे कुछ याद नहीं है।
रेप के बाद हत्या की आशंका
गुरुवार शाम 6 बजे बच्चियां लापता हुईं। 11 घंटे बाद शुक्रवार सुबह 5 बजे 9 साल की बच्ची का शव जंगल में एक खेत में पड़ा मिला। पुलिस ने उसे पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। बच्ची के कपड़े अस्त-व्यस्त मिले हैं। कुछ खून के भी निशान हैं। रेप के बाद गला दबाकर हत्या करने की आशंका है। पुलिस ने बताया कि दूसरी बच्ची एकदम ठीक है, लेकिन फिर भी उसका मेडिकल कराया गया है।
आरोपी कपिल की दादी पुष्पा ने बताया, “कल कपिल ने दिन में ही शराब पी थी। वो घर में तोड़फोड़ कर रहा था। मैंने रोका तो मुझे भी धक्का दे दिया। पत्नी कल ही छोटे बच्चे को लेकर मायके चली गई। कपिल कोई काम नहीं करता था। वो घर में शराब पीकर लड़ाई करता रहता था।”
पड़ोसी ने कहा- लड़कियां पहले से जानती थीं, इसलिए साथ चली गईं
एक पड़ोसी ने बताया, “दोनों मासूम बच्चियां घर के बाहर खेल रही थीं। तभी कपिल साइकिल लेकर वहां आया। उसने पहले 9 साल की बच्ची को आइसक्रीम खिलाने और बाद में छोटी वाली बच्ची को लेकर जाने के लिए कहा। छोटी बच्ची ने ज्यादा जिद की तो कपिल उसको भी साथ ले गया। दोनों बच्चियां पहले से कपिल को जानती थीं, इसलिए उसके साथ साइकिल पर बैठकर चली गईं। रात 8 बजे तक भी जब वे घर नहीं आईं तो खोजबीन शुरू की।”
SP बोले- आरोपी को जल्द सजा दिलवाएंगे
गाजियाबाद के SP देहात ईरज राजा ने बताया, ”आरोपी कपिल साइिकल पर बैठाकर दो बच्चियों को जंगल में ले गया था। हमने तमाम खोजबीन के बाद एक बच्ची को सकुशल रिकवर कर लिया। जबकि दूसरी बच्ची सुबह मृत अवस्था में मिली है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। हम इस केस में आरोपी को जल्द से जल्द सजा दिलवाने का प्रयास करेंगे।”