देशभर में गर्मी का सितम जारी है। राजधानी दिल्ली में रविवार को चिलचिलाती गर्मी और भीषण लू के बीच कई इलाकों का तापमान 49.2 रिकॉर्ड दर्ज हुआ। देश के किसी भी शहर के मुकाबले, इस साल यह सबसे ज्यादा तापमान है। इधर, UP के बांदा में भी रविवार को तापमान 49 डिग्री दर्ज किया गया।
हालांकि, दिल्ली में आज सुबह से ही मौसम ने करवट बदल ली है। राजधानी दिल्ली और NCR में बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, आज राजधानी और आसपास के इलाकों में तेज हवाओं के साथ आंधी और बारिश हो सकती है।
राजस्थान में भीषण गर्मी से जल गए पेड़
राजस्थान में भीषण लू का कहर जारी है। झुलसाने वाली गर्मी का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि जोधपुर में सड़कों पर पानी छिड़कना पड़ा। बीकानेर में तो पेड़ों में आग लग गई। हालांकि, ये आग जंगल की वजह से भी हो सकती है। पेड़ों के एक-दूसरे से टकराने के कारण कई बार इनमें आग लग जाती है। चूरू में सबसे ज्यादा अधिकतम, जबकि जयपुर में सबसे ज्यादा न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया है।
पंजाब में गर्मी ने तोड़ा 8 साल का रिकार्ड
पंजाब के अमृतसर, जालंधर और लुधियाना में गर्मी ने बीते 8 साल का रिकार्ड तोड़ दिया है। लुधियाना में तापमान 45.5 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 8 डिग्री तक अधिक था। मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार-मंगलवार को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है। पंजाब के कुछ इलाकों में हलकी बारिश हो सकती है, लेकिन यह राहत अस्थाई है। इसके बाद फिर गर्मी में तेजी आएगी।
भोपाल में गर्मी से हाल-बेहाल
बादल छाने के कारण रविवार को दिन का तापमान 43.9 डिग्री दर्ज किया गया। सुबह से शाम तक शहर में थोड़ी, थोड़ी देर के लिए बादल छाए। रात का तापमान 29.4 डिग्री दर्ज किया गया। 24 घंटे में इसमें 0.6 डिग्री की कमी आई। शहर में रविवार शाम 6 बजे तक तपिश बरकरार रही। शाम 6 बजे भी पारा 42 डिग्री पर था।
पंजाब-हरियाणा में बारिश की संभावना
मौसम विभाग के मुताबिक पंजाब और हरियाणा के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बन रहा है जो एक चक्रवात का रूप ले सकता है। इसकी वजह से बारिश हो सकती है और सोमवार-मंगलवार को गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने कहा है कि दिल्ली में सोमवार को धूल भरी आंधी चलने की संभावना है।
दुनिया के 15 शहरों में तापमान 47 डिग्री के पार
भारत में रविवार को एक तरफ तो रिकॉर्डतोड़ गर्मी रही, वहीं कई हिस्सों में जबरदस्त बारिश का दौर चला। रविवार को दुनिया के 15 शहरों में 47 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा तापमान दर्ज हुआ। इसमें 12 शहर भारत और 3 पाकिस्तान के हैं। दूसरी ओर, दुनिया के जिन 15 शहरों में रविवार को 100 मिमी से ज्यादा बारिश दर्ज हुई, उनमें 6 भारत के हैं।
देश में बीते 24 घंटे में सबसे अधिक 220 मिमी बारिश केरल के कोच्चि में दर्ज हुई। ये दुनिया में चौथे स्थान पर रहा। सबसे अधिक 264 मिमी बारिश कनाडा के कारमान शहर में दर्ज हुई। हालांकि, मौसम विभाग के मुताबिक, असम-मेघालय के जोबाई में 290 मिमी, चेरापूंजी में 220 मिमी बारिश दर्ज हुई है, लेकिन ये स्थान अभी वर्ल्ड लिस्ट में शामिल नहीं हैं।
असम और मेघालय के कई जिलों में 100 मिमी से ज्यादा बारिश दर्ज हुई। मौसम विभाग के मुताबिक, ओडिशा, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल के साथ छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में अगले पांच दिनों तक गरज-चमक के साथ बारिश होगी। इससे गर्मी से राहत मिलेगी।
असम में बाढ़ के हालात
असम कई इलाकों में भारी बारिश हो रही है। इसकी वजह से इन इलाकों में बाढ़ के हालात हैं। राज्य के होजाई और पश्चिम कार्बी आंगलोंग जिलों के कई गांवों में पानी भर गया। स्टेट डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी ने बताया कि लैंडस्लाइड से हाफलोंग में करीब 80 घर प्रभावित हुए हैं। भूस्खलन में 3 लोगों की मौत हुई है। दीमा हसाओ जिले में बाढ़ से रेलवे लाइन बह गईं।
केरल में बारिश का ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने केरल में भारी बारिश की आशंका के बीच 6 जिलों- कोल्लम, पठानमथिट्टा, अलाप्पुझा, कोट्टायम, इडुक्की और एर्नाकुलम में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं, तिरुवनंतपुरम, त्रिशूर, मलप्पुरम, कोझीकोड और वायनाड जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मानसून के आज अंडमान-निकोबार पहुंचने की संभावना
मौसम विभाग का कहना है कि अंडमान और निकोबार द्वीप समूह पर सोमवार सुबह तक मानसून पहुंच जाएगा। हालांकि, केरल में 27 मई तक पहुंचेगा। उत्तर के पहाड़ी राज्यों जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में अगले दो से तीन दिन ओलों के साथ बारिश की संभावना है। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में अगले दो दिन धूलभरी आधी चलने की आशंका है। इससे तापमान में कमी आने की संभावना है।