लोकसभा की तीन सीटों पर हुए उपचुनाव के शुरुआती रुझान आने शुरू हो गए हैं। यूपी के आजमगढ़ सीट पर भाजपा और सपा में कड़ी टक्कर देखी जा रही है। इलेक्शन कमीशन की वेबसाइट के मुताबिक, भाजपा प्रत्याशी दिनेश लाल यादव निरहुआ 3,529 वोटों से आगे चल रहे हैं, जबकि सपा के धर्मेंद्र यादव दूसरे नंबर हैं। वहीं, रामपुर में भाजपा के घनश्याम लोधी सपा प्रत्याशी आसिम राजा से 6,660 वोटों से आगे चल रहे हैं।
पंजाब के संगरूर में शिरोमणि अकाली दल के सिमरनजीत सिंह मान ने 4,845 वोटों से बढ़त बनाई है, जबकि आम आदमी पार्टी के गुरमेल सिंह पीछे चल रहे हैं।
उधर, विधानसभा की 7 सीटों के उपचुनाव की मतगणना भी जारी है। इन सभी खाली सीटों पर 23 जून को वोटिंग हुई थी। त्रिपुरा की चार और आंध्र प्रदेश, झारखंड और दिल्ली की एक-एक विधानसभा सीट पर भी वोट डाले गए थे।
लोकसभा की 3 सीटों के शुरुआती रुझान/ नतीजे:
सीट | राज्य | मुकाबला | कौन आगे है? |
आजमगढ़ | यूपी | सपा, बसपा और भाजपा | भाजपा |
रामपुर | यूपी | सपा और भाजपा | भाजपा |
संगरूर | पंजाब | आप, अकाली दल और कांग्रेस | अकाली दल |
विधानसभा की 7 सीटों के शुरुआती रुझान/ नतीजे:
सीट | राज्य | कौन आगे है? |
राजेंद्र नगर | दिल्ली | AAP |
मांडर | झारखंड | कांग्रेस |
अगरतला | त्रिपुरा | कांग्रेस (जीत) |
बोरदोवाली टाउन | त्रिपुरा | भाजपा (जीत) |
सूरमा | त्रिपुरा | भाजपा |
जुबाराजगर | त्रिपुरा | भाजपा (जीत) |
आंध्र प्रदेश | आत्मकुर | YSR कांग्रेस |
UP की आजमगढ़ सीट: अखिलेश के भाई और निरहुआ आमने-सामने
रामपुर में सपा के आसिम राजा और भाजपा के घनश्याम लोधी के बीच मुकाबला है। यहां कांग्रेस चुनाव नहीं लड़ रही है। आजमगढ़ में सपा के धर्मेंद्र यादव, भाजपा के दिनेश लाल यादव निरहुआ और बसपा के शाह आलम उर्फ गुड्डू जमाली के बीच त्रिकोणीय टक्कर है।
आजमगढ़ में अखिलेश यादव, रामपुर में आजम खान की प्रतिष्ठा दांव पर है। इसकी वजह यह है कि आजमगढ़ अखिलेश और रामपुर की सीट आजम खान के इस्तीफा देने से खाली हुई है। दोनों जगहों पर पहले सपा का कब्जा रहा है।
पंजाब की संगरूर सीट: AAP और कांग्रेस में मुकाबला
भगवंत मान के मुख्यमंत्री बनने के बाद खाली हुई संगरूर लोकसभा सीट पर AAP ने गुरमेल सिंह को, कांग्रेस ने दलवीर सिंह गोल्डी और BJP ने केवल ढिल्लों को मैदान में उतारा था। वहीं, अकाली दल ने सिमरनजीत सिंह मान को प्रत्याशी बनाया था।
विधानसभा की इन 7 सीटों पर उपचुनाव हुए
दिल्ली की राजेंद्र नगर सीट: AAP के राघव चड्ढा के राज्यसभा के लिए चुने जाने के बाद खाली हुई इस सीट पर AAP ने दुर्गेश पाठक को मैदान में उतारा। भाजपा ने पूर्व पार्षद राजेश भाटिया और कांग्रेस ने प्रेम लता को मैदान में उतारा।
त्रिपुरा में 4 सीटों पर चुनाव: त्रिपुरा में अगरतला, बोरदोवाली टाउन और सूरमा से भाजपा विधायकों ने इस्तीफा दे दिया था, जबकि जुबाराजगर से माकपा विधायक का निधन हो गया था। बोरदोवाली टाउन सीट पर CM माणिक साहा ने कांग्रेस के आशीष कुमार साहा के खिलाफ जीत हासिल की है। साहा ने 6,104 वोटों से जीत दर्ज की है।
अगरतला सीट पर BJP के पूर्व विधायक सुदीप रॉय बर्मन ने कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ा और जीत हासिल की है। जुबाराजगर सीट पर भाजपा के मलिना देबनाथ ने जीत हासिल की है।
झारखंड की मांडर विधानसभा सीट: यहां कांग्रेस की नेहा तिर्की आगे चल रही हैं। वहीं, BJP की गंगोत्री कुजूर दूसरे नबंर पर हैं।
आंध्र प्रदेश की आत्मकुर विधानसभा सीट: आंध्र प्रदेश के आत्मकुर में कांग्रेस के विधायक मेकापति गौतम रेड्डी की मृत्यु के बाद खाली हुई सीट पर YSR कांग्रेस ने उनके भाई विक्रम रेड्डी को मैदान में उतारा है। भाजपा ने जी भरत कुमार यादव को मैदान में उतारा है। इस सीट पर YSR कांग्रेस आगे चल रही है।